दिल्ली के BJP नेता विजेंद्र गुप्ता की पत्नी का पर्स उड़ाया, बढ़ रहे अपराध पर संसद में उठा मुद्दा
अति सुरक्षित माने जाने वाले नई दिल्ली इलाके में ठक-ठक गिरोह के बदमाशों ने दिल्ली विधानसभा में प्रतिपक्ष के नेता विजेंद्र गुप्ता की पत्नी शोभा विजेंद्र गुप्ता का बैग उड़ा लिया।
नई दिल्ली, जेएनएन। देश की राजधानी दिल्ली में बढ़ते अपराध का मुद्दा सोमवार को संसद में भी छाया रहा। आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने यह मुद्दा राज्यसभा में उठाते हुए दिल्ली पुलिस को कटघरे में खड़ा किया। इस बीच अति सुरक्षित माने जाने वाले नई दिल्ली इलाके में ठक-ठक गिरोह के बदमाशों ने दिल्ली विधानसभा में प्रतिपक्ष के नेता विजेंद्र गुप्ता की पत्नी शोभा विजेंद्र गुप्ता का बैग उड़ा लिया। बदमाशों की पहचान के लिए घटना स्थल के समीप लगे सीसीटीवी कैमरे के फुटेज पुलिस खंगाल रही है।
जानकारी के मुताबिक शोभा विजेंद्र गुप्ता सोमवार की सुबह पंडारा रोड इलाके में चालक के साथ कार से गईं थीं। यहां से वह रोहिणी स्थित अपने घर लौट रही थीं। इसी बीच सुबह करीब 10:15 बजे मंडी हाउस के समीप एक व्यक्ति ने चालक को बताया कि कार से तेल गिर रहा है। इसे देखने के लिए चालक के साथ शोभा भी नीचे उतर गईं। इसी बीच पीछे से मोटरसाइकिल पर आए एक बदमाश ने झटके से उनका बैग छीन लिया और फरार हो गया। उनके द्वारा पुलिस को दी गई सूचना के बाद बदमाशों की तलाश की गई लेकिन पता नहीं चल सका। विजेंद्र गुप्ता ने बताया कि बैग में कुछ रुपये, निजी सामान और दस्तावेज आदि थे।
संजय सिंह ने राज्यसभा में उठाया कानून व्यवस्था का मुद्दा
सोमवार को आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने सदन में दिल्ली की कानून-व्यवस्था का मामला उठाते कहा कि दिल्ली में एक माह के अंदर 220 राउंड फायर हुए हैं। उन्होंने हैरत जताते हुए कहा कि यह देश की राजधानी दिल्ली की सड़कों पर हो रहा है।
संजय सिंह ने सदन को बताया कि दिल्ली में एक साल में 2043 दुष्कर्म की घटनाएं दर्ज की गई हैं। इसके अलावा हत्या की घटनाओं में भी लगातार वृद्धि हो रही है। उन्होंने गृह मंत्रलय से दिल्ली की कानून व्यवस्था को लेकर एक बड़ी बैठक करने की मांग की, जिसमें दिल्ली के पुलिस आयुक्त और दिल्ली के मुख्यमंत्री को एक साथ शामिल किया जाए।
गौरतलब है कि इससे पहले आतिशी ने भी कानून व्यवस्था पर केंद्र पर सवालिया निशान लगाया था। वहीं सोमवार को ही चंद्रावल में दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने जल शोधन संयंत्र के शिलान्यास के बाद कहा कि दिल्ली सरकार ने बड़े स्तर पर सीसीटीवी लगाने शुरू किए हैं। इससे अपराध के नियंत्रण में मदद मिलेगी, लेकिन इसमें सभी एजेंसियों, सरकारों और लोगों को मिलकर काम करना होगा।
उधर, संजय के बयान पर दिल्ली पुलिस के अतिरिक्त जनसंपर्क अधकारी एसीपी अनिल मित्तल ने कहा कि दिल्ली में हत्याओं समेत सभी आपराधिक मामलों में कमी आई है। बुजुर्गों की सुरक्षा के लिए पुलिस हमेशा तत्पर रहती है। बुजुर्गों के खिलाफ आपराधिक मामलों में भी कमी आई है।
दिल्ली-NCR की ताजा खबरों को पढ़ने के लिए यहां पर करें क्लिक
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप