CAA Protest: दिल्ली के यमुनापार इलाके में प्रदर्शनकारियों ने तीन सड़कों को किया बंद, लगा भीषण जाम
वजीराबाद और खुरेजी में पटपड़गंज रोड पर प्रदर्शनकारी आ गए। इन तीनों जगहों पर प्रदर्शनकारियों की वजह से यातायात बंद हो गया है।
नई दिल्ली [स्वदेश कुमार]। नागरिकता संशोधन कानून (सीएए) और राष्ट्रीय नागरिकता रजिस्टर (एनआरसी) के विरोध में यमुनापार में कई दिनों से चल रहे शांतिपूर्ण प्रदर्शनों ने अब शाहीन बाग का रूप लेना शुरू कर दिया गया है। अब तक सड़कों से दूर बैठीं महिला प्रदर्शनकारियों ने पिछले 12 घंटे में तीन सड़कों को बंद कर दिया है। इसकी शुरुआत शनिवार शाम जाफराबाद रोड से हुई।
रविवार को चांद बाग के पास वजीराबाद और खुरेजी में पटपड़गंज रोड पर प्रदर्शनकारी आ गए। इन तीनों जगहों पर प्रदर्शनकारियों की वजह से यातायात बंद हो गया है। इसकी वजह से जाम की समस्या भी खड़ी हो गई।
सीलमपुर की तरफ जाने वाले मार्ग खोला गया
जाफराबाद रोड पर प्रदर्शनकारियों ने मेट्रो स्टेशन के नीचे ही धरना शुरू कर दिया है। काफी संख्या में महिलाओं की भीड़ यहां जमी हुई है। इसकी वजह से जाफराबाद मेट्रो स्टेशन को सुबह से ही बंद कर दिया गया है। रात में यहां प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच टकराव भी हुआ था। प्रदर्शनकारियों ने पहले दोनों तरफ के मार्ग को बंद कर दिया था। पुलिस के काफी समझाने के बाद मौजपुर से सीलमपुर की तरफ जाने वाले मार्ग को खोला गया।
टेंट लगाकर धरने पर बैठी महिलाएं
वहीं रविवार दोपहर 12:00 बजे चांद बाग में टेंट लगाकर बैठीं महिला प्रदर्शनकारियों ने खजूरी से नंदनगरी की तरफ से जाने वाले मार्ग पर प्रदर्शन शुरू कर दिया। इसकी वजह से इस मार्ग पर यातायात ठप हो गया है। बताया जा रहा है कि भीम आर्मी के नेता चंद्रशेखर चांद बाग पहुंच सकते हैं। यहां से प्रदर्शनकारियों के साथ वह रैली निकालेंगे।
हालांकि प्रशासन ने उन्हें इसकी अनुमति नहीं दी है। इसके साथ खजूरी में भी टेंट में बैठे प्रदर्शनकारी मास्टर प्लान रोड से खजूरी जाने वाले पटपड़गंज रोड पर पहुंच गए। इन तीनों जगहों पर भारी पुलिस बल के साथ सुरक्षाकर्मियों को भी तैनात कर दिया गया है। फिलहाल मौके पर शांति व्यवस्था बरकरार है।