Arvind Kejriwal Cabinet Oath: अरविंद केजरीवाल कैबिनेट की शपथ के लिए राष्ट्रपति ने दी मंजूरी
Arvind Kejriwal Cabinet Oath मुख्यमंत्री पद पर अरविंद केजरीवाल सहित पूरी कैबिनेट के शपथ ग्रहण के लिए राष्ट्रपति ने मंजूरी दे दी है। जिस पर केंद्रीय गृह मंत्रालय ने अधिसूचना जारी कर दी है।
नई दिल्ली, राज्य ब्यूरो। Arvind Kejriwal Cabinet Oath: मुख्यमंत्री पद पर अरविंद केजरीवाल सहित पूरी कैबिनेट के शपथ ग्रहण के लिए राष्ट्रपति ने मंजूरी दे दी है। जिस पर केंद्रीय गृह मंत्रालय ने अधिसूचना जारी कर दी है। अनुमति के लिए भेजी गई फाइल मंजूरी के साथ सरकार के पास वापस आ गई है। जिसके तहत रामलीला मैदान में रविवार को शपथ ग्रहण कार्यक्रम आयोजित होगा। उपराज्यपाल अनिल बैजल मुख्यमंत्री सहित सभी मंत्रियों को शपथ दिलाएंगे।
सात मंत्री लेंगे शपथ
इसके तहत मुख्यमंत्री पद की शपथ अरविंद केजरीवाल लेंगे। इनके अलावा मनीष सिसोदिया, सत्येंद्र जैन, गोपाल राय, कैलाश गहलोत, इमरान हुसैन व राजेंद्र पाल गौतम मंत्री पद की शपथ लेंगे। ये सभी पिछले कार्यकाल में मंत्री रहे हैं। कैबिनेट में कुछ नए मंत्रियों को लाए जाने की अटकलें चल रही थीं, मगर पार्टी ने इसे खारिज कर दिया है। बताया जा रहा है कि उन्होंने कहा है कि जब पुराने मंत्री हमें अपने काम के दम पर चुनाव जिताकर लाए हैं। ऐसे में इन मंत्रियों को बदलने का सवाल ही नहीं उठता है।
दिल्ली विधानसभा का सत्र अगले सप्ताह
नवगठित दिल्ली विधानसभा का दो दिवसीय सत्र विधायकों को शपथ दिलाने के लिए अगले सप्ताह आयोजित होने की संभावना है। सूत्रों के अनुसार यह सत्र 18 और 19 फरवरी को आयोजित होने की संभावना है। सबसे वरिष्ठ विधायकों में से एक को अस्थायी अध्यक्ष (प्रोटेम स्पीकर) के रूप में शपथ दिलाई जाएगी। दिल्ली की सातवीं विधानसभा का बुधवार को गठन किया गया था।
छठी विधानसभा में अध्यक्ष रहे शाहदरा से विधायक रामनिवास गोयल सबसे वरिष्ठ विधायकों में से एक हैं। यह पूछे जाने पर कि क्या गोयल नई विधानसभा में भी इस पद पर बने रहेंगे, पार्टी के एक पदाधिकारी ने इस बात से इन्कार नहीं किया, लेकिन कहा कि इस संबंध में अब तक कोई फैसला नहीं लिया गया है।
केजरीवाल ने किया ट्वीट
इधर केजरीवाल ने ट्वीट कर कहा कि 'दिल्लीवासियों, आपका बेटा तीसरी बार दिल्ली के CM की शपथ लेने जा रहा है। अपने बेटे को आशीर्वाद देने ज़रूर आना है।' इसके साथ ही बेबी मफलरमैन को भी इस कार्यक्रम में आने के लिए स्पेशल निमंत्रण दिया गया है। बता दें कि अरविंद केजरीवाल की जीत के बाद मन रहे जश्न में एक बच्चा जो केजरीवाल के जैसे तैयार होकर आया था। उसने सारे लोगों का ध्यान अपनी ओर खींचा था। सोशल मीडिया पर भी इसकी तस्वीर काफी वायरल हुई थी। इस बच्चे का नाम आवयान तोमर है। पार्टी की ओर से इसे शपथ ग्रहण में बुलाया गया है।