Delhi Government Formation News: केजरीवाल के शपथ ग्रहण की तैयारियां जोरों पर
केजरीवाल के शपथ ग्रहण समारोह की तैयारियां जोरों पर हैं। रामलीला मैदान में कुर्सियां का इंतजाम अभी से ही किया जा रहा है।
नई दिल्ली, जागरण संवाददाता। आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल रविवार को दिल्ली के ऐतिहासिक रामलीला मैदान में लगातार तीसरी बार मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। इसे लेकर रामलीला मैदान को सजाया और संवारा जा रहा है। इन्हीं तैयारियों के बीच दिल्ली सचिवालय में भी तैयारियां जोर-शोर से शुरू कर दी गई है। यहीं कारण है कि शनिवार को भी सचिवालय खुला रहेगा।
वहीं इनसे जुड़े अधिकारी और कर्मचारी दफ्तर भी आएंगे। बता दें कि अरविंद केजरीवाल के मुख्यमंत्री पद के शपथ लेते ही उनके सारे कैबिनेट मंत्री भी बारी-बारी से शपथ ग्रहण करेंगे। इसे देखते हुए मंत्रियों के दफ्तर को भी साफ-सूथरा और सजाया-संवारा जा रहा है। सचिवालय सूत्रों ने बताया कि केजरीवाल सरकार का खास निर्देश है कि वह आराम किए बगैर रूके हुए दिल्ली के तमाम विकास कार्यों को गति प्रदान करेंगे।
इसमें अधिकारी और कर्मचारियों का बखूबी साथ जरूरी है। मुख्यमंत्री के इस निर्देश के बाद से ही सचिवालय में तमाम अधिकारी अपने-अपने काम में पहले से ही जुट गए हैं। उम्मीद जताया जा रहा है कि रविवार को शपथ ग्रहण लेते ही सोमवार को सुबह-सुबह मुख्यमंत्री समेत सभी कैबिनेट मंत्री अपने-अपने दफ्तर पहुंचकर अपना पदभार संभाल लेंगे। इन मंत्रियों के पहले से ही शेड्यूल भी तैयार कर लिए गए हैं। कुर्सी संभालते ही वह अलग-अलग मंत्रालय के अधिकारियों के साथ बैठक करेंगे और महत्वपूर्ण बातों पर विचार-विमर्श करेंगे।