जनसंख्या समाधान फाउंडेशन की पदयात्रा में दिखा लोगों का जोश, देखें तस्वीरें
जनसंख्या समाधान फाउंडेशन ने समाधान पदयात्रा निकाली जिसमें लोगों ने बढ़-चढ़ कर हिस्सा लिया। लोगों ने कहा हम दो हमारे दो और सभी के दो।
साहिबाबाद (अवनीश मिश्र)। जनसंख्या समाधान फाउंडेशन की ओर से जनसंख्या नियंत्रण कानून की मांग को लेकर मेरठ से शुरू हुई तीन दिवसीय समाधान पदयात्रा रविवार दोपहर दिल्ली में प्रवेश कर गई। दिल्ली में ट्रैक्टर - ट्रॉलियों का प्रवेश नहीं होने दिया गया। इस दौरान यूपी गेट पर जाम लगने से राहगीरों को काफी परेशानी हुई।
वसुंधरा से सुबह -सुबह दिल्ली कूच
रात्रि विश्राम के बाद रविवार सुबह करीब साढ़े नौ बजे वसुंधरा सेक्टर -16 स्थित आवास विकास परिषद के कंवेंशन सेंटर से पदयात्रा दिल्ली के लिए निकली। जनसंख्या को दर्शाता देश का नक्शा, 210 फीट लंबा व 10 फीट ऊंचा तिरंगा और विभिन्न समस्याओं की थीम पर तैयार 31 रथ के साथ निकली यात्रा में देश भक्ति के तरानों के बीच हम दो, हमारे दो, सबके दो.. का नारा गूंजता रहा है। पदयात्रा वसुंधरा, वैशाली होते हुए सुबह करीब 11 बजे यूपी गेट पहुंची।
दिल्ली पुलिस ने रोका ट्रैक्टर-टाॅली
यहां पर दिल्ली पुलिस ने ट्रैक्टर - ट्रॉली को दिल्ली में प्रवेश देने से मना कर दिया। काफी गहमागहमी के बीच सुबह करीब 11:30 बजे ट्रैक्टर - ट्रॉलियों सहित पदयात्रा गाजीपुर दिल्ली टोल प्लाजा तक पहुंच गई। दिल्ली पुलिस ने यहां से पदयात्रा को ट्रैक्टर - ट्रॉलियों सहित आगे नहीं बढ़ने दिया। इस पर दोपहर करीब 12:15 बजे दो दर्जन लोग टोल प्लाजा के पास सड़क पर बैठ गए और मौन व्रत शुरू कर दिया।
कई चरणों में हुई वार्ता
गाजियाबाद व दिल्ली के पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों और फाउंडेशन के अध्यक्ष अनिल चौधरी से कई चरणों में वार्ता हुई। अनिल चौधरी ने कहा कि यदि प्रशासन बस मुहैया कराए और उन पर तिरंगा झंडा लगाने की अनुमति देकर बुजुर्गों व महिलाओं को उसमें बैठाकर ले जाएगा, तो वह लोग ट्रैक्टर - ट्रॉली यहीं खड़ी कर दिल्ली जाएंगे। अधिकारियों ने उनकी बातें मान लीं और बसें मुहैया कराईं।
बसों में आगे गए सभी
दोपहर करीब पौने एक बजे बसों में बुजुर्ग, महिलाएं व बच्चे सवार हुए। रथ, 210 फीट लंबा व 10 फीट तिरंगा, बस और अन्य वाहनों के साथ पदयात्रा गाजीपुर टोल से दिल्ली में आगे बढ़ गई।
कुछ इस अंदाज में दीपावली मनाएंगे दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल, जानें क्या होगा खास