चुनाव खत्म होते ही गौतम गंभीर मुंबई के लिए रवाना, दिल्ली एयरपोर्ट पर की भज्जी से मुलाकात
जब गौतम गंभीर दिल्ली एयरपोर्ट पर पहुंचे तब उनकी मुलाकात अचानक क्रिकेटर हरभजन सिंह से हो गई। इस दौरान दोनों लोग बड़ी गर्मजोशी से मिले।
नई दिल्ली, जेएनएन। चुनाव कार्य समाप्त होते ही पूर्वी दिल्ली से भाजपा के प्रत्याशी गौतम गंभीर को अपने पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अंतर्गत सोमवार को मुंबई जाना पड़ा। मुंबई जाने के दौरान भाजपा उम्मीदवार गंभीर ने कहा कि मेरे कुछ पूर्व निर्धारित कार्यक्रम हैं जिनके शीघ्र पूर्ण होने के बाद वे दिल्ली लौट आएंगे और जीवन का समय पूर्वी दिल्ली के लोगों की सेवा में समर्पित रहेगा।
जब गौतम गंभीर दिल्ली एयरपोर्ट पर पहुंचे तब उनकी मुलाकात अचानक क्रिकेटर हरभजन सिंह से हो गई। इस दौरान दोनों लोग बड़ी गर्मजोशी से मिले। बता दें कि हरभजन सिंह गौतम गंभीर के साथ टीम इंडिया में क्रिकेट खेले हैं और दोनों अच्छे मित्र भी हैं।
दिल्ली में चुनाव प्रचार के दौरान जब आम आदमी पार्टी ने गौतम गंभीर पर अपमानजनक पंपलेट बंटवाने का आरोप लगाया था तब हरभजन सिंह ने उनके समर्थन में टवीट् कर गंभीर का मनोबल बढ़ाया था। आईपीएल में चेन्नई सुपर किंग्स की ओर से खेलने वाले हरभजन ने ट्वीट कर कहा था कि गौतम गंभीर से जुड़े एक मामले को सुनकर स्तब्ध हूं। मैं उसे बहुत अच्छे से जानता हूं। वह कभी किसी महिला के खिलाफ गलत नहीं बोल सकते। वह जीते या हारे यह अलग मामला है लेकिन ये इंसान इन सबसे ऊपर है।
कभी गौतम गंभीर के करीबी क्रिकेटर में गिने जाने वाले पूर्व क्रिकेटर वीवीएस लक्ष्मण ने भी ट्वीट कर गंभीर पर लग रहे आरोपों का बचाव किया था। लक्ष्मण ने ट्वीट कर कहा था कि गौतम गंभीर को करीब दो दशकों से जानता हूं, इसलिए मैं उनकी ईमानदारी, उनके चरित्र और महिलाओं के प्रति उनके मन में सम्मान की गारंटी ले सकता हूं।'
पूर्वी दिल्ली लोकसभा सीट से भाजपा उम्मीदवार गौतम गंभीर के सामने आम आदमी पार्टी की प्रत्याशी आतिशी और कांग्रेस के उम्मीदवार अरविंद सिंह लवली चुनावी मैदान में हैं।