Move to Jagran APP

PM House का घेराव करने पहुंचे यूपी के किसान, आज भी दिल्ली में लग सकता है जाम

शुक्रवार सुबह टप्पल क्षेत्र के गांव जिकरपुर में दो माह से धरने पर बैठे किसान दिल्ली के लिए रवाना हो गए। वे वहां पीएम आवास घेरेंगे।

By JP YadavEdited By: Published: Fri, 01 Feb 2019 05:16 PM (IST)Updated: Sat, 02 Feb 2019 08:05 AM (IST)
PM House का घेराव करने पहुंचे यूपी के किसान, आज भी दिल्ली में लग सकता है जाम

नई दिल्ली, जेएनएन। उत्तर प्रदेश के गौतमबुद्ध नगर जिले से सटे टप्पल क्षेत्र (अलीगढ़, यूपी) के किसान दिल्ली में प्रधानमंत्री आवास का घेराव करने पहुंचे हैं, इससे चलते दिल्ली में जगह-जगह जाम का नजारा देखने को मिल रहा है। किसान दिल्ली में प्रवेश को लेकर अड़े हैं। ऐसे में शनिवार को भी डीएनडी पर लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है। शनिवार को भी किसान पीएम आवास के घेराव की कोशिश कर सकते हैं। ऐसे में दिल्ली के विभिन्न इलाकों में जाम लग सकता है।

loksabha election banner

शुक्रवार को भूमि अधिग्रहण की मांग को लेकर प्रधानमंत्री आवास पर प्रदर्शन करने जा रहे किसानों को पुलिस ने दिल्ली में प्रवेश नहीं करने दिया। इससे नाराज किसानों ने डीएनडी फ्लाईओवर के पास डेरा जमा लिया। इससे पहले दोनों पक्षों के बीच काफी देर तक बातचीत होती रही। किसानों के दिल्ली में प्रवेश को रोकने के लिए पुलिस ने डीएनडी पर रूट डायवर्जन कर दिया। इसके कारण नोएडा से आश्रम की तरफ जाने वाले वाहन दिल्ली-नोएडा लिंक रोड पर आ गए। इसकी वजह से डीएनडी के साथ लिंक रोड पर भी भीषण जाम लग गया। देर शाम तक पुलिस जाम खुलवाने में जुटी रही।

किसान नेता मनवीर तेवतिया अपनी मांगों को लेकर 500 किसानों के साथ शुक्रवार दोपहर दिल्ली-नोएडा बॉर्डर पर पहुंचे थे। हालांकि पुलिस को इसकी पहले ही जानकारी मिल गई थी। इसलिए लिंक रोड और डीएनडी फ्लाईओवर पर टोल बूथ के पास बड़ी संख्या में पुलिस बल को तैनात कर दिया गया था। इसके साथ डीएनडी पर नोएडा से आश्रम जाने वाले मार्ग को भी टोल बूथ के पास बैरिकेड लगाकर बंद कर दिया।

नोएडा से आने वाले वाहनों को यहां से यू-टर्न लेना पड़ा। इसके कारण नोएडा लिंक रोड पर वाहनों का दबाव बढ़ता गया। जाम में फंसे लोग पुलिस के समक्ष नाराजगी जताते रहे। इनमें कई लोग एयरपोर्ट की तरफ भी जा रहे थे। कुछ लोगों ने फ्लाइट छूटने की भी शिकायत की। उधर, पुलिस अधिकारियों और किसान नेताओं के बीच बातचीत होती रही, लेकिन उन्हें प्रवेश नहीं करने दिया गया।

दिल्ली पुलिस के अतिरिक्त जनसंपर्क अधिकारी एसीपी अनिल मित्तल का कहना है कि डीएनडी टोल के पास किसानों को दिल्ली आने से इसलिए रोका गया, क्योंकि बड़ी संख्या में किसान टै्रक्टर ट्रॉली लेकर दिल्ली में घुसने की कोशिश कर रहे थे।

दिल्ली में ट्रैक्टर ट्रॉली का प्रवेश शीर्ष न्यायालय के निर्देशानुसार पूरी तरह प्रतिबंधित है। किसानों को बार-बार कानून के बारे में जागरूक करते हुए कहा गया कि उन्हें रामलीला मैदान तक जाने की अनुमित प्राप्त है। ट्रैक्टर ट्रॉली लेकर दिल्ली में घुसने से आम लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता।

इससे कानून व्यवस्था बिगड़ती है। पुलिस अधिकारियों ने किसानों से अनुरोध किया कि उन्होंने बसों की व्यवस्था की है। वे लोग बसों में सवार होकर चलें। पुलिस उनके साथ रामलीला मैदान तक जाएगी, लेकिन किसान अपनी जिद पर अड़े रहे और उन्होंने बसों में जाने से मना कर दिया। देर शाम करीब आठ बजे किसानों को डीएनडी पर किनारे बैठने को कहा गया। इसके बाद यातायात को बहाल कर दिया गया।

इससे पहले इस दौरान दिल्ली पुलिस के साथ किसानों की कई बार भिड़ंत भी हुई। कड़ी सुरक्षा के बीच काफी देर तक किसानों और दिल्ली पुलिस के बीच वार्ता का दौर चला, लेकिन किसान हर हाल में पीएम हाउस का घेराव करने पर आमादा नजर आए। आलम यह है कि डीएनडी पर जाम तो खुल गया है, लेकिन तकरीबन 500 किसान डीएनडी के आसपास जमा हैं।

वहीं, जाम के चलते डीएनडी पर घंटों वाहन रेंगने को मजबूर रहे। इसका असर दिल्ली के कई इलाकों पर पड़ा। खासकर एनएच के साथ इससे सटे अक्षर धाम, लक्ष्मीनगर में भी जाम लगा। 

जानकारी के मुताबिक, किसान नेता मनवीर तेवतिया करीब 500 किसानों के साथ प्रधानमंत्री आवास पर प्रदर्शन करने जा रहे थे। दिल्ली पुलिस किसानों को दिल्ली में प्रवेश नहीं करने दे रही थी और डीएनडी पर रोक दिया। इससे नाराज किसानों ने डीएनडी को बंद कर दिया। टैक्टर ट्रॉली के साथ पहुंचे किसान अपनी जिद पर अड़े हुए हैं कि उन्हें पीएम हाउस का घेराव करना है।

पुलिस वाहनों को डाइवर्ट कर जाम खुलवाने का प्रयास करती रही। मौके पर एसएसपी वैभव कृष्ण, एसपी सिटी सुधा सिंह और एसपी ट्रैफिक अनिल कुमार झा समेत कई अधिकारी भारी पुलिस बल के साथ पहुंचे और कड़ी मशक्कत के बाद जाम खुलवाया।

वहीं, दिल्ली पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर डीएनडी को अस्थाई समय के लिए बंद कर दिया था। इस बाबत दिल्ली पुलिस की ओर ट्वीट भी किया गया।

बढ़ती भीड़ के मद्देनजर दिल्ली पुलिस ने लोगों के लिए तात्कालिक रूट डायवर्जन के साथ एडवायजरी भी जारी की थी। पुलिस ने ट्वीट किया, - 'किसानों के जुलूस/धरना प्रदर्शन के कारण यातायात प्रभावित है जिन वाहन चालकों कों गाजीपुर से मयूर विहार जाना है उनसे अनुरोध है कि नेशनल हाईवे (NH) 9 का प्रयोग करेंI'

एक अन्य ट्वीट में कहा गया है- 'किसानों के जुलूस/धरना प्रदर्शन के कारण NH 24,कालिंदी कुंज ,सरिता विहार,मथुरा रोड और DND से आश्रम की तरफ यातायात प्रभावित रहेगाI'

बता दें कि शुक्रवार सुबह टप्पल क्षेत्र के गांव जिकरपुर में दो माह से धरने पर बैठे किसान दिल्ली के लिए रवाना हुए और दोपहर नोएडा-ग्रेटर नोएडा होते हुए दिल्ली की सीमा पर पहुंच गए। वे यहां पीएम आवास का घेराव करने की तैयारी में हैं। किसानों की मांग है कि सरकार 2013 में पारित भूमि अधिग्रहण बिल के तहत भूमि ले। 

अब तक किसान टप्पल में धरना प्रदर्शन कर रहे थे। आगे की योजना की कड़ी में शुक्रवार सुबह नारेबाजी करते हुए दिल्ली रवाना हुए। इनमें महिलाएं भी शामिल हैं। अलीगढ़ के टप्पल में पिछले दिनों रविवार को इस आंदोलन को कांग्रेस के वरिष्ठ नेता व राजस्थान के उप मुख्यमंत्री सचिन पायलट ने समर्थन दिया था। उन्होंने कहा था कि किसानों के हित में बनाए गए कानून को भाजपा की सरकारें कमजोर करने का काम कर रही हैं। इसके खिलाफ किसानों के हर आंदोलन के साथ कांग्रेस है।

यह है मामला

टप्पल के गांव जिकरपुर में किसान नए भूमि अधिग्रहण बिल के अनुसार भूमि अधिग्रहण करने की मांग को लेकर 50 दिन से धरना दे रहे हैं। यमुना एक्सप्रेस वे निर्माण के दौरान बसपा सरकार में जिकरपुर में ही किसान व पुलिस के बीच संघर्ष हुआ था जिसमें तीन किसान व एक पुलिस कर्मी की मौत हो गई थी। इसके बाद से जिकरपुर सियासी अड्डा भी बना हुआ है।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.