केजरीवाल से ट्वीट कर एक शख्स ने पूछा 'मफलर कहां है सर', पढ़िए- CM ने क्या दिया जवाब
मौसम विभाग के मुताबिक अगले कुछ दिनों तक ऐसी ही ठंड बनी रहेगी और हालात और भी अधिक बिगड़ेंगे क्योंकि क्रिसमस के बाद अधिक ठंड पड़ने की आशंका है।
नई दिल्ली, ऑनलाइन डेस्क। दिल्ली-एनसीआर में शीत लहर का कहर जारी है। बुधवार को कई जगहों पर न्यूनतम तापमान 6 डिग्री सेल्सियस से भी नीचे चला गया है, तो दिल्ली से सटे हरियाणा के रेवाड़ी जिले में न्यूनतम तापमान 4.5 डिग्री चला गया है। मौसम विभाग के मुताबिक, अगले कुछ दिनों तक ऐसी ही ठंड बनी रहेगी और हालात और भी अधिक बिगड़ेंगे क्योंकि क्रिसमस के बाद अधिक ठंड पड़ने की आशंका है। इस बीच सोशल मीडिया पर एक शख्स ने दिल्ली के मुख्यमंत्री से ट्वीट कर पूछा 'हेलो @ArvindKejriwal इस बार मफलर नहीं आया बाहर अभी तक? ठंड बहुत है... जनता पूछ रही है सर।'
इसके जवाब ने आम आदमी पार्टी के मुखिया ने इस शख्स पर तंज कसते हुए कहा- 'मफ़्लर बहुत पहले निकल चुका है। आप लोगों ने ध्यान नहीं दिया। ठंड बहुत ज़्यादा है। सब लोग अपना ख्याल रखें।'
यहां पर बता दें कि ठंड के चलते दिल्ली-एनसीआर में बहुत बुरा हाल है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग के मुताबिक, आने वाले अगले कुछ दिनों तक ऐसा ही हाल बना रहेगा, यानी ठंड के साथ शीतहर जारी रहेगी।
इससे पहले मंगलवार को दिल्ली की सर्दी ने 22 सालों का रिकॉर्ड तोड़ दिया। 22 सालों बाद पहली बार इतने लंबे अंतराल के लिए दिल्लीवालों ने ठंड महसूस की है। मंगलवार सुबह 5.5 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया।
शीतलहर का असर यह रहा कि रेवाड़ी का अधिकतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया। न्यूनतम तापमान 4.5 डिग्री सेल्सियस है। कड़ाके की ठंड के साथ सर्द हवा से ठिठुरन बढ़ गई है। रेवाड़ी का यह अब तक का सबसे कम अधिकतम तापमान है। दोपहर बाद हल्की धूप निकलने के बावजूद ठिठुरन से राहत नहीं मिली है। इससे पहले 23 दिसंबर को अधिकतम 11 व न्यूनतम तापमान 5 डिग्री सेल्सियस था।