नेताओं के भविष्य की रणनीति तय करेगा भाजपा का सदस्यता अभियान, ये है गेम प्लान
विधानसभा चुनाव का टिकट वितरण से लेकर संगठन में नेताओं को जिम्मेदारी सौंपते समय सदस्यता अभियान के परिणाम को आधार बनाया जाएगा।
नई दिल्ली (संतोष कुमार सिंह)। विधानसभा चुनाव से पहले भाजपा का चल रहा सदस्यता अभियान कई नेताओं का सियासी भविष्य भी तय करेगा। इस अभियान को सफल बनाकर भाजपा का कुनबा बढ़ाने वाले नेताओं का सियासी कद भी बढ़ेगा। उनसे संबंधित विधानसभा क्षेत्र में नए सदस्यों की संख्या और अभियान में उनकी सक्रियता के आधार पर पार्टी में उनकी भूमिका तय होगी।
सदस्यता अभियान के परिणाम से तय होंगे भविष्य
विधानसभा चुनाव का टिकट वितरण से लेकर संगठन में नेताओं को जिम्मेदारी सौंपते समय सदस्यता अभियान के परिणाम को आधार बनाया जाएगा। इसे ध्यान में रखकर पूर्व विधायक से लेकर नए दावेदार अपने क्षेत्र में नए लोगों को पार्टी से जोड़ने में लगे हुए हैं।
दिल्ली में भाजपा की तैयारी शुरू
फरवरी में दिल्ली में विधानसभा चुनाव होना है और भाजपा ने इसकी तैयारी शुरू कर दी है। जीत की लहर पर सवार पार्टी दिल्ली में 21 वर्षो के बाद सत्ता में वापसी का सपना संजोए हुए हैं। कार्यकर्ता लोगों से केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार की उपलब्धियां बताकर उन्हें भाजपा के साथ जुड़ने की अपील कर रहे हैं। इसके साथ ही दिल्ली की आम आदमी पार्टी (आप) सरकार की कमियां भी गिनवा रहे हैं।
ज्यादा-से-ज्यादा लोगों को जोड़ने का निर्देश
राजधानी में जनाधार मजबूत करने में कहीं कोई कमी न रह जाए इसके लिए प्रदेश से लेकर बूथ स्तर के पदाधिकारियों, सांसद, विधायक व पार्षद के साथ ही पूर्व विधायक व पूर्व पार्षदों को भी अपने क्षेत्र में ज्यादा से ज्यादा लोगों को पार्टी के साथ जोड़ने का निर्देश दिया गया है। उनके कामकाज का पूरा ब्योरा भी रखा जा रहा है। नेताओं के कार्यक्रमों के साथ ही उनके क्षेत्र में बनने वाले सदस्यों की संख्या का ब्योरा तैयार किया जा रहा है। इसके आधार पर प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र की ग्रेडिंग की जा रही है।
विधानसभा की हो रही ग्रेडिंग
प्रदेश पदाधिकारियों का कहना है कि विधानसभा क्षेत्रों की ग्रेडिंग से विधानसभा चुनाव की रणनीति बनाने में मदद मिलेगी। इससे यह पता चल रहा है कि किस क्षेत्र में भाजपा की स्थिति मजबूत और कहां कमजोर है। इसके आधार पर विधानसभावार रणनीति बनाई जाएगी।
कार्यकर्ता कर रहे मेहनत
दिल्ली प्रदेश भाजपा के महामंत्री व सदस्यता अभियान प्रमुख कुलजीत चहल ने बताया कि भाजपा के साथ लोगों को जोड़ने में दिल्ली के कार्यकर्ताओं ने सराहनीय काम किया है। कार्यकर्ता क्षेत्र में पूरी मेहनत व लगन के साथ काम कर लोगों को पार्टी के साथ जोड़ रहे हैं। जम्मू कश्मीर से धारा 370 को खत्म करने का प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जो साहस भरा कदम उठाया है उसका असर सदस्यता अभियान पर भी पड़ा है। आज राष्ट्रवादी विचारधारा के साथ एक सकारात्मक माहौल हमारे पक्ष में है जिसे लेकर हम क्षेत्र में भाजपा के साथ लोगों को जोड़ रहे हैं।
दिल्ली-एनसीआर की खबरों को पढ़ने के लिए यहां करें क्लिक
अब खबरों के साथ पायें जॉब अलर्ट, जोक्स, शायरी, रेडियो और अन्य सर्विस, डाउनलोड करें जागरण एप