Nibhaya Case: इंदिरा जयसिंह AAP की करीबी, केजरीवाल दोषियों को बचाने की कर रहे कोशिशः भाजपा
Nibhaya case भाजपा नेता मनोज तिवारी और शाजिया इल्मी ने आरोप लगाया है कि आम आदमी पार्टी की सरकार निर्भया के दोषियों को बचाने की कोशिश कर रही है।
नई दिल्ली, प्रेट्र/जेएनएन। 2012 Nibhaya Case: भाजपा ने निर्भया सामूहिक दुष्कर्म मामले को लंबे समय तक खींचने का आरोप दिल्ली की केजरीवाल सरकार पर लगाया है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मनोज तिवारी और शाजिया इल्मी ने प्रेस कांफ्रेंस कर आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल निर्भया के दोषियों को बचाने की कोशिश कर रहे हैं।
मनोज तिवारी ने कहा कि 2017 के जुलाई महीने में निर्भया के गुनहगारों को सजा हुई थी। 2017 से 2019 तक 2 साल में दिल्ली सरकार ने गुनहगारों को इस सजा की सूचना ही नहीं दी। उन्होंने कहा कि 2 साल तक आम आदमी पार्टी की सरकार ने जेल प्रशाशन के माध्यम से गुनहगारों को ये सूचना क्यों नहीं दी?।
भाजपा नेता मनोज तिवारी ने कहा कि दिल्ली सरकार कहती है कि हमारे पास पुलिस विभाग नहीं है, इसलिए हम ऐसा नहीं कर सके। जेल विभाग राज्य सरकार के अंतर्गत आता है और ये सूचना उन गुनहगारों तक पहुंचाने का काम जेल प्रशासन का है, पुलिस का नहीं है।
मनोज तिवारी ने आरोप कि आदमी पार्टी की सरकार दोषियों की फांसी को टाल रही है। उन्होंने कहा कि पूरे देश के राजनीतिक इतिहास में किसी पार्टी के द्वारा इस प्रकार के गुनहगारों की सजा को टलवाने का और फिर उन्हें बचाने का कोई दूसरा उदाहरण नहीं मिलता।
इंदिरा जयसिंह आम आदमी पार्टी की करीबी: शाजिया
वहीं शाजिया इल्मी ने कहा कि निर्भया के दोषियों की फांसी को माफ करने की सलाह देने वाले वाली वरिष्ठ वकील इंदिरा जयसिंह आम आदमी पार्टी की करीबी हैं। उन्होंने कहा कि दिल्ली हाई कोर्ट ने कहा था कि दिल्ली का प्रशासनिक हेड उपराज्यपाल ही होंगे तब तो उस पूरे मामले में दिल्ली सरकार का पक्ष इंदिरा जयसिंह ने ही किया था।
शाजिया इल्मी ने अरविंद केजरीवाल की आलोचना करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री से हम ये जानना चाहते है कि दिल्ली की जनता को बताये कि जो वकील इस समय दोषियों के साथ खड़ी है, उसे जनता के पैसों से कितनी फीस दी गयी।
वहीं भाजपा महिला मोर्चा की अध्यक्ष सरोज पांडे ने कहा कि इंदिरा जयसिंह का इतिहास जग जाहिर है। आम आदमी पार्टी के साथ उनका संबंध भी जगजाहिर है, जब बात खुलेगी तो बहुत दूर तक जाएगी।
बता दें कि सुप्रीम कोर्ट की वरिष्ठ वकील इंदिरा जयसिंह ने शनिवार को निर्भया की मां से अपील की थी कि वह दोषियों को माफ कर दें। इंदिरा जयसिंह की दोषियों को माफी की सलाह पर निर्भया की मां ने कड़ा एतराज जताया था। उन्होंने कहा कि पूरा देश निर्भया के दोषियों को जल्द से जल्द फंदे पर लटकता हुआ देखना चाहता है, लेकिन कुछ ऐसे लोग हैं, जो इन्हें बचाना चाहते हैं। इन्हीं लोगों के कारण दोषियों की फांसी की सजा में देरी हो रही है।