एमएलसी उमेश द्विवेदी समर्थकों समेत भाजपा में शामिल, प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव ने ग्रहण कराई सदस्यता
लखनऊ में बुधवार को प्रदेश भाजपा मुख्यालय में एमएलसी उमेश द्विवेदी अजय सिंह व अन्य को प्रदेश के भाजपा अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह और उपमुख्यमंत्री दिनेश शर्मा ने सदस्यता ग्रहण कराई।
लखनऊ, जेएनएन। विधान परिषद शिक्षक व स्नातक क्षेत्र चुनाव से पहले हुए बड़े उलटफेर में बुधवार को माध्यमिक शिक्षक महासभा के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. उमेश द्विवेदी ने समर्थकों समेत भाजपा की सदस्यता ग्रहण की। इस मौके पर वित्त विहीन शिक्षक महासभा के प्रदेश महासचिव अजय सिंह ने भी भाजपा में शामिल होने का एलान किया।
लखनऊ स्थित भाजपा मुख्यालय में स्वतंत्र देव सिंह व उपमुख्यमंत्री डॉ. दिनेश शर्मा ने डॉ. द्विवदी एव उनके समर्थकों को भाजपा परिवार में शामिल करते हुए अभिनंदन किया। स्वतंत्रदेव सिंह ने कहा कि भाजपा के लिए राजनीति एक मिशन है। आजादी के लिए कुर्बानी देने वाले देशभक्तों के सपनों को साकार करने के लिए भाजपा निरंतर काम कर रही है। संकल्प हमारे पूर्वजों ने लिया था, उसको पूरा करने के लिए भाजपा आमजन के जीवन स्तर को सुधारने में लगी है। उन्होंने कहा कि मोदी-योगी सरकार सबका साथ-सबका विकास की नीति पर चलकर सबका विश्वास जीतने के प्रयास में जुटी है। इससे प्रभावित होकर बड़ी संख्या में विभिन्न दलों के नेता व कार्यकर्ता भी भाजपा से जुड़ रहे हैं।
उपमुख्यमंत्री डॉ. दिनेश शर्मा ने कहा कि वित्तविहीन स्कूलों के शिक्षकों का भाजपा में जुड़ना एक सुखद संकेत है। इससे विधान परिषद के चुनाव में बड़ा परिवर्तन आएगा। इस मौके पर भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष जेपीएस राठौर, प्रदेश महामंत्री गोविंद नारायण शुक्ला, अमर पाल मौर्य व ग्राम्य विकास मंत्री राजेंद्र प्रताप मोती सिंह भी उपस्थित थे।
बता दें कि उमेश द्विवेदी का कार्यकाल छह मई 2020 को खत्म हो रहा है। उत्तर प्रदेश में वित्तविहीन शिक्षकों की बड़ी संख्या है। ऐसे में भाजपा को उम्मीद है कि दोनों को अपने पाले में लाकर वह वित्तविहीन शिक्षकों का समर्थन जुटा सकती है। उमेश द्विवेदी ने बताया कि भाजपा से उनकी व संजय कुमार मिश्रा दोनों की बातचीत हुई थी। अगला चुनाव वह भाजपा के समर्थन से लड़ेंगे। उनके संगठन से करीब साढ़े तीन लाख शिक्षक जुड़े हुए हैं और इसका फायदा वह भाजपा को दिलाएंगे।