Jammu Kashmir देश में सांप्रदायिक और फूट डालने वाली ताकतों से सावधान रहें कार्यकर्ता : मीर
कांग्रेस पार्टी के 136वें स्थापना दिवस पर पार्टी मुख्यालय शहीदी चौक में आयोजित समारोह में मीर ने पार्टी का झंडा फहराया। उन्होंने पार्टी के इतिहास देश के स्वतंत्रता संग्राम में पार्टी की भूमिका के विभिन्न पहलुओं को उजागर किया
जम्मू, राज्य ब्यूरो : प्रदेश कांग्रेस कमेटी जम्मू कश्मीर के प्रधान जीए मीर ने कार्यकर्ताओं से कहा है कि देश में सांप्रदायिक और फूट डालने वाली ताकतों से सावधान रहें। पार्टी इस समय चुनौतियों का सामना कर रही है। हमें अपने मूल्यों को बनाए रखते हुए पार्टी को मजबूत बनाना है। चुनौतियों का सामना करना है। पार्टी के 136वें स्थापना दिवस पर पार्टी मुख्यालय शहीदी चौक में आयोजित समारोह में मीर ने पार्टी का झंडा फहराया। उन्होंने पार्टी के इतिहास, देश के स्वतंत्रता संग्राम में पार्टी की भूमिका के विभिन्न पहलुओं को उजागर कतरे हुए कहा कि कांग्रेस हमेशा ही धर्मनिरपेक्षता, समाजवाद पर कायम रही और देश की एकता व अखंडता के लिए काम किया।
कांग्रेस पार्टी के नेतृत्व में ही हर वर्ग के लोगों ने धर्म, जातपात की राजनीति से ऊपर उठकर देश को आजादी दिलाई। जब देश आजाद हुआ तो पार्टी को काफी चुनौतियों का सामना करना पड़ा। महात्मा गांधी, जवाहर लाल नेहरू, सरदार पटेल, मौलाना आजाद, सुभाष चंद्र बोस, राजेंद्र प्रसाद व अन्य नेताओं के नेतृत्व में कांग्रेस ने देश को बुलंदियों पर पहुंचाया। देश को शांति, खुशहाली के रास्ते पर ले जाने में कांग्रेस की अहम भूमिका रही।
पूर्व मंत्री रमण भल्ला ने कहा कि कांग्रेस ने जम्मू कश्मीर के हर क्षेत्र के विकास के लिए काम किया। इस समय कांग्रेस सांप्रदायिक और फूट डालने वाली ताकतों का सामना कर रही है। पूर्व मंत्री मुलाराम ने कहा कि कांग्रेस उन ताकतों का सामना कर रही है जो समाज में नफरत फैला रहे हैं। कार्यक्रम में कांता भान, रजनीश शर्मा, ठाकुर बलवान सिंह, योगेश साहनी, शिवदेव सिंह, पवन रैना, गुरदर्शन सिंह, गजन सिंह, डा. रमाकांत खजूरिया व अन्य शामिल हुए।