कुमार विश्वास ने कसा केजरीवाल पर तंज, कहा- मोदी-शाह से सीखें सहयोगियों पर भरोसा करना
इशारो-इशारों में कुमार विश्वास ने केजरीवाल को भाजपा अध्यक्ष अमित शाह और नरेंद्र मोदी से सीखने की सलाह दी है।
नई दिल्ली, जेएनएन। आम आदमी पार्टी के बागी नेता और कवि कुमार विश्वास ने एक बार फिर दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पर तंज कसा है। इशारो-इशारों में कुमार विश्वास ने केजरीवाल को भाजपा अध्यक्ष अमित शाह और नरेंद्र मोदी से सीखने की सलाह दी है।
कुमार ने शनिवार को ट्वीट कर कहा कि संसदीय हॉल में अमित शाह को बहुत दिनों बाद ज्यादा मुस्कुराते, खिलखिलाते हुए देखना बहुत अच्छा लगा। चुनौतीपूर्ण तनाव और अनथक परिश्रम के बाद मिली सफलता किस प्रकार खुशी देती है यह समझ सकता हूं।
हमेशा अमित शाह और नरेंद्र मोदी की निंदा करने वाले केजरीवाल का बिना नाम लिये उन्होंने ट्वीटर पर लिखा,' जोड़ी-जोड़ी कहकर कोसने वालों को इन दोनों सहयोगियों पर भरोसा करना सीखना चाहिए था।
इससे पहले कुमार विश्वास ने ट्वीट कर कहा था कि गुरु-मित्र-कवि और राष्ट्र को धोखा देने वाले के साथ जो किया जाता है, आज ठीक वैसा करने के लिए आभार दिल्ली. शिशुपाल के पूर्ण राजनैतिक वध में बस अब 'लगभग' दो सौ दिन और। इस बार चाणक्य जंगल नहीं जाएगा। जय हिंद।' वहीं उन्होंने अरविंद केजरीवाल और शीला दीक्षित के बीच स्वास्थ्य को लेकर ट्वीटर वार पर भी कटाक्ष किया था।
बता दें कि आम आदमी पार्टी (AAP) के संस्थापक सदस्यों में से एक और कभी मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के बेहद करीबी रहे कुमार विश्वास काफी समय से नाराज हैं। अपने ट्वीट से वह दिल्ली के मुख्यमंत्री व आम आदमी पार्टी पर निशाना साधते रहते हैं।
ऐसे गहरे हुए केजरीवाल और कुमार विश्वास के बीच मतभेद
साल 2017 में कुमार विश्वास ने 'वी द नेशन' के नाम से यूट्यूब पर एक वीडियो जारी किया था। जिसमें वह सेना और कश्मीर के मुद्दे पर बात करते हुए राजनेताओं के प्रति निष्ठा को लेकर विचार करने की बात कह रहे थे। इसमें उन्होंने मोदी, राहुल और केजरीवाल का नाम लेकर कहा था कि नेता तो आते-जाते रहते हैं लेकिन देश बना रहता है। सर्जिकल स्ट्राइक को लेकर प्रचार करने वालों और उस पर सवाल खड़े करने वालों पर भी कुमार ने निशाना साधा था।
इस वीडियो के बाद पार्टी संयोजक अरविंद केजरीवाल से उनकी अदावत शुरू हो गई। माना जाता है कि इसके बाद उन्हें राज्यसभा के लिए पार्टी ने अपना उम्मीदवार भी नहीं बनाया। इससे पहले भी सर्जिकल स्ट्राइक को लेकर अरविंद केजरीवाल से उनके मतभेद सामने आए थे।