राजस्थान में अशोक गहलोत से आगे निकले सचिन पायलट
चुनावी सर्वेक्षणों ने कांग्रेस के युवा नेता सचिन पायलट को सबसे आगे खड़ा कर दिया है।
नई दिल्ली, जेएनएन। राजस्थान विधानसभा चुनाव में चेहरे को लेकर जहां कांग्रेस के अंदर ही ऊहापोह और चुप्पी है, वहीं चुनावी सर्वेक्षणों ने कांग्रेस के युवा नेता सचिन पायलट को सबसे आगे खड़ा कर दिया है। कांग्रेस में मुख्यमंत्री पद के लिए पायलट और अशोक गहलोत के बीच खींचतान की चर्चा है। लेकिन, एबीपी न्यूज-सी वोटर और सी फोर के ओपीनियन पोल में पायलट को मुख्यमंत्री पद के लिए लोगों की पहली पसंद बताया गया है।
एबीपी न्यूज-सी वोटर के ओपीनियन पोल में पायलट को 36 फीसद मतदाताओं की पहली पसंद बताया गया है। दूसरी तरफ अशोक गहलोत को 24 फीसद मतदाता राज्य का अगला मुख्यमंत्री देखना चाहते हैं। गहलोत पहले भी दो बार राज्य का नेतृत्व कर चुके हैं।
मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे 27 फीसद लोगों की पसंद के साथ सर्वे में दूसरे नंबर पर हैं। दूसरी तरफ सी फोर के ओपीनियन पोल में पायलट, गहलोत और राजे को क्रमश: 32, 27 और 23 फीसद मतदाताओं की पसंद बताया गया है।
भाजपा के मुख्यमंत्री उम्मीदवार को लेकर लंबे अरसे से कोई संशय नहीं था और बाद में औपचारिक रूप से इसकी घोषणा कर दी गई थी कि वसुंधरा राजे ही पार्टी का नेतृत्व करेंगी। दूसरी तरफ, अपने लिए सबसे मुफीद मान रहे राज्य में ही कांग्रेस अब तक असमंजस में है।
हालांकि, अशोक गहलोत को राष्ट्रीय महामंत्री का पद देने के बाद से ही यह अटकल तेज हो गई थी कि शायद राजस्थान में सचिन पायलट कांग्रेस का चेहरा होंगे। लेकिन, अब तक कोई भी खुलेआम इसकी घोषणा करने से बच रहा है।
खुद प्रदेश कांग्रेस में भी संशय की स्थिति है और बार-बार सामूहिक नेतृत्व में चुनाव लड़ने की बात कही जा रही है। कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी भी ऐसा ही कह चुके हैं। ऐसे में एबीपी न्यूज-सी वोटर और सी फोर के ओपीनियन पोल रोचक हैं। इससे एक बार फिर अटकलों का बाजार गर्म है कि क्या कांग्रेस अपना मन बदलकर आगामी चुनाव के लिए नेतृत्व का एलान करेगी।