Move to Jagran APP

राहुल गांधी से मिले हेमंत सोरेन, गठबंधन पर इस तरह बनी सहमति

Rahul Gandhi. झारखंड मुक्ति मोर्चा के कार्यकारी अध्यक्ष हेमंत सोरेन ने नई दिल्ली में कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी से मुलाकात की।

By Sachin MishraEdited By: Published: Thu, 07 Feb 2019 01:31 PM (IST)Updated: Thu, 07 Feb 2019 04:53 PM (IST)
राहुल गांधी से मिले हेमंत सोरेन, गठबंधन पर इस तरह बनी सहमति

नई दिल्ली/रांची, एएनआइ/जेएनएन। झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के कार्यकारी अध्यक्ष हेमंत सोरेन, झारखंड प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष डॉ अजय कुमार व झारखंड प्रदेश कांग्रेस के प्रभारी आरपीएन सिंह ने वीरवार को नई दिल्ली में कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी से मुलाकात की। इस दौरान इन नेताओं में गठबंधन पर सहमति जताई। 

loksabha election banner

जानिए, किसने क्या कहा
वहीं, कांग्रेस के मीडिया प्रभारी राजेश ठाकुर ने कहा है कि लोकसभा में ज्यादा सीटों पर कांग्रेस चुनाव लड़ेगी और विधानसभा में ज्यादा सीटों पर झामुमो चुनाव लड़ेगी। लोकसभा चुनाव में कांग्रेस नेतृत्व करेंगी और विधानसभा चुनाव में झारखंड मुक्ति मोर्चा के कार्यकारी अध्यक्ष हेमंत सोरेन नेतृत्व करेंगे।

झामुमो के मुताबिक, पार्टी के कार्यकारी अध्यक्ष हेमंत सोरेन व कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी के बीच दिल्ली में मुलाकात हुई। मुलाकात के दौरान झारखंड में आगामी लोकसभा चुनाव कांग्रेस व विधानसभा चुनाव हेमंत के नेतृत्व में लड़ने का प्रारूप तय किया गया।

इस  बीच,  झारखंड विकास मोर्चा (झाविमो) के महासचिव प्रदीप यादव का कहना है कि तीन सीट- गोड्डा, कोडरमा व चतरा से कम पर कोई समझौता नहीं हुआ है।

सूत्रों के मुताबिक, मुलाकात के दौरान कई मसलों पर चर्चा हुई। हालांकि अभी तक इसका खुलासा नहीं हो पाया है।

 

बुधवार को नई दिल्ली में गठबंधन पर सहमति को लेकर दिनभर गहमागहमी रही। झारखंड मुक्ति मोर्चा, झारखंड विकास मोर्चा और कांग्रेस के नेता खासे सक्रिय रहे। झारखंड मुक्ति मोर्चा के कार्यकारी अध्यक्ष हेमंत सोरेन अपने विश्वस्त नेताओं के साथ मौजूद रहे, वहीं झारखंड विकास मोर्चा की कमान पार्टी के प्रधान महासचिव प्रदीप यादव और बंधु तिर्की ने संभाली। कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष डा. अजय कुमार, प्रदेश कांग्रेस प्रभारी आरपीएन सिंह और सह प्रभारी उमंग सिंघार के साथ इन नेताओं की कई दौर की वार्ता हुई।

बताते हैं कि कांग्रेस ने झारखंड विकास मोर्चा के प्रधान महासचिव प्रदीप यादव को पार्टी में शामिल होने का ऑफर दिया है। झारखंड विकास मोर्चा गोड्डा सीट पर उन्हें चुनाव लड़ाना चाहता है, लेकिन कांग्रेस इस सीट पर दावेदारी नहीं छोड़ना चाहती। बीच का रास्ता निकालने के लिए कांग्रेस ने उन्हें आफर किया है कि वे पार्टी में शामिल होकर चुनाव लड़ें। हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हो पाई है।

सीटों के बंटवारा का फार्मूला भी तैयार कर लिया गया है। इसके तहत कांग्रेस रांची, खूंटी, लोहरदगा, धनबाद, गोड्डा, सिंहभूम और हजारीबाग लोकसभा सीट पर चुनाव लड़ेगी। कांग्रेस अपने कोटे की हजारीबाग सीट को भाकपा के लिए छोड़ सकती है। झारखंड मुक्ति मोर्चा के हिस्से में चार लोकसभा सीटें दुमका, राजमहल, गिरिडीह और जमशेदपुर आएंगी। वहीं, झारखंड विकास मोर्चा कोडरमा और पलामू एवं राजद चतरा संसदीय क्षेत्र से प्रत्याशी उतारेगा। धनबाद से प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष डा. अजय कुमार पार्टी के प्रत्याशी हो सकते हैं।

विधानसभा की सीटों का इस तरह होगा बंटवारा
झामुमो : 32 से 34
कांग्रेस : 26 से 28
झाविमो : 13 से 15
राजद : 4 से 5
वामदल : 3
 


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.