Gujarat: कांग्रेस नेता सत्ता के लालची, भाजपा मेरा जीवन: नितिन पटेल
Nitin Patel. गुजरात विधानसभा में कांग्रेस ने उपमुख्यमंत्री नितिन पटेल को एक बार फिर गुजरात की सत्ता का सिरमौर बनने का ऑफर दिया।
शत्रुघ्न शर्मा, गांधीनगर। Nitin Patel. मध्य प्रदेश में कमलनाथ सरकार पर गहराते संकट के बीच गुजरात विधानसभा में कांग्रेस ने उपमुख्यमंत्री नितिन पटेल को एक बार फिर गुजरात की सत्ता का सिरमौर बनने का ऑफर दिया। इस पर भड़के पटेल ने कांग्रेस नेताओं को आड़े हाथ लेते हुए कहा कि वे सीएम पद के लालची नहीं हैं, भाजपा ही उनका जीवन है।
कांग्रेस नेता भरत सिंह सोलंकी ने अपने बयान में राज्य के उपमुख्यमंत्री नितिन पटेल को गुजरात में सत्ता परिवर्तन का खुला ऑफर दिया था। कांग्रेस अध्यक्ष अमित चावड़ा ने भी मध्य प्रदेश सरकार में संकट के बीच कहा कि मुख्यमंत्री विजय रूपाणी को भी सत्ता खोने का डर लग है, इसलिए बीती रात को नींद नहीं आई होगी। वहीं, विधानसभा में कांग्रेस विधायक रघु देसाई व पुंजाजी वंश आदि ने भी रूपाणी सरकार पर जमकर हमले किए। साथ ही, कांग्रेस ने उपमुख्यमंत्री नितिन पटेल को भी भाजपा से बगावत करने के लिए उकसाने का प्रयास किया।
मौके की नजाकत को देखते हुए नितिन पटेल ने कांग्रेस के वरिष्ठ नेता भरत सिंह सोलंकी, अध्यक्ष अमित चावड़ा, नेता विपक्ष परेश धनाणी सहित बार-बार उनका नाम लेने वाले कांग्रेस नेताओं को आड़े हाथ लेते हुए कहा कि भाजपा ही उनका जीवन है और वे आजीवन यहीं रहेंगे। नितिन ने कहा कि भाजपा का एक पहलू कमल है तो दूसरा पहलू वे हैं। नगर पालिका से लेकर उपमुख्यमंत्री पद तक पहुंचने का एक लंबा राजनीतिक दौर देखा है, पूर्व मुख्यमंत्री शंकर सिंह वाघेला ने भी उन्हें राष्ट्रीय जनता पार्टी की सरकार में मंत्री बनने का ऑफर दिया, लेकिन उन्होंने अपना सिद्धांत व पार्टी को नहीं छोड़ा।
नितिन पटेल ने कहा कि वे भाजपा में हैं और आजीवन रहेंगे, उन्हें पार्टी से बहुत कुछ मिला है मेहरबानी करके कांग्रेस नेता व कार्यकर्ता उनका नाम दल बदलू के रूप में प्रचारित नहीं करें। नितिन ने इशारों ही इशारों में कहा कि कांग्रेस नेता उन्हें जानते नहीं हैं, राजनीति में हर तरह के दौर देखे हैं लेकिन सत्ता के लालच में कभी दल व विचारों से समझौता नहीं किया।