अमित शाह के सामने बाबूलाल मरांडी की भाजपा में एंट्री, जेपी नड्डा की मौजूदगी में ऐतिहासिक समारोह
Babulal Joins BJP फरवरी के पहले सप्ताह में रांची में कार्यक्रम का आयोजन हो सकता है। इस भव्य समारोह में झाविमो का भाजपा में विलय होगा।
रांची, राज्य ब्यूरो। Babulal Joins BJP झाविमो प्रमुख बाबूलाल मरांडी की भाजपा में एंट्री का दमदार प्लॉट तैयार किया जा रहा है। भाजपा की कोशिश होगी कि बाबूलाल और उनकी पार्टी के विलय को ऐतिहासिक समारोह में तब्दील कर एक माहौल बनाया जाए। बताया जा रहा है कि फरवरी माह के पहले सप्ताह में धुर्वा के प्रभात तारा मैदान में एक भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा और इसी कार्यक्रम में झाविमो का भाजपा में विलय होगा।
इस खास मौके पर भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा और गृह मंत्री अमित शाह की मौजूदगी की बात भी कही जा रही है। हालांकि, इससे पूर्व बाबूलाल दिल्ली में भाजपा के शीर्ष नेताओं से मुलाकात कर विलय की औपचारिकता पूरी कर सकते हैं। झाविमो प्रमुख बाबूलाल मरांडी ने अपनी पार्टी के आंतरिक गतिरोध तकरीबन दूर कर लिए हैं। उनके सहयोगी रहे विधायक प्रदीप यादव और बंधु तिर्की ने भी अपनी राह तलाश ली है। ऐसे में उनकी पार्टी का भाजपा में विलय को लेकर अब कोई अड़चन नहीं है।
अब भाजपा को तय करना है कि वह बाबूलाल के पूरे कुनबे को कब कमल क्लब में शामिल कराती है। पार्टी सूत्रों की मानें तो प्रभात तारा मैदान में भव्य कार्यक्रम में दोनों दलों के एक लाख के करीब कार्यकर्ताओं को जुटाने की कोशिश की जाएगी। हालांकि, भाजपा में बाबूलाल की भूमिका क्या होगी, इसे लेकर अबतक स्थिति स्पष्ट नहीं है। राष्ट्रीय स्तर पर जिम्मेदारी से लेकर प्रदेश अध्यक्ष और नेता प्रतिपक्ष तक के विकल्प बाबूलाल के समक्ष खुले रखे गए हैं।
बाबूलाल सभी जिलों का दौरा करेंगे
भाजपा के शामिल होने के बाद बाबूलाल मरांडी पूरे राज्य के सभी जिलों का दौरा करेंगे। इस दौरान वे मंडल व बूथ स्तर तक की इकाई के साथ बैठकें करने के साथ-साथ आम जनता से भी संवाद करेंगे।