पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास ने कहा- झारखंड में सरेआम लूट, हत्या व दुष्कर्म का सिलसिला जारी
भाजपा नेता रघुवर दास ने शनिवार को कहा कि झारखंड में भ्रष्टाचार बन गया है व्यवस्था का अंग। यहां पर सरेआम हो रही है लूट और हत्या की घटनाएं। प्रदेश में दुष्कर्म के मामले भी बढ़ गए हैं। वह चतरा जिले के इटखोरी में मौजूद थे।
चतरा (जागरण संवाददाता) : झारखंड प्रदेश में सरेआम लूट, हत्या व दुष्कर्म की घटनाएं घटित हो रही हैंं। दो वर्ष के शासन में वर्तमान सरकार ने राज्य का विनाश कर दिया है। सिर्फ मुख्यमंत्री, उनके परिजनों तथा मंत्रियों का विकास हो रहा है। ऐसी सरकार को सत्ता में रहने का कोई अधिकार नहीं है। यह बात प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री व भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष रघुवर दास ने शनिवार को इटखोरी में कहीं। पूर्व मुख्यमंत्री यहां ऐतिहासिक मां भद्रकाली मंदिर में पूजा अर्चना करने आए थे।
पूजा के पश्चात पत्रकारों से वार्ता करते हुए उन्होंने कहा कि मां भद्रकाली की पूजा करने के दौरान उन्होंने माता से मन्नत मांगी है कि झारखंड से इस सरकार का शीघ्र खात्मा हो। यहां के निवासियों को माता सुख समृद्धि प्रदान करें। पूर्व मुख्यमंत्री ने राज्य की वर्तमान सरकार के विरुद्ध जमकर भड़ास निकाली। उन्होंने कहा कि अब तक के दो वर्ष के शासन में हेमंत सोरेन की सरकार ने प्रदेश में एक किलोमीटर भी सड़क बनाने का काम नहीं किया है।
पुरानी योजनाओं का उद्घाटन कर पीठ थपथपा रही सरकार
रघुवर दास ने कहा कि डबल इंजन की सरकार के वक्त राज्य में जो काम हुए थे, यह सरकार उन्हीं योजनाओं का उद्घाटन कर पीठ थपथपा रही है। ट्रांसफर पोस्टिंग में जमकर पैसे लिए जा रहे हैं। जिससे प्रदेश में नौकरशाही का राज कायम हो गया है। अपनी नाकामी को छुपाने के लिए सरकार आपके अधिकार, आपकी सरकार, आपके द्वार जैसा फ्लाप कार्यक्रम कर रही है। इससे प्रदेश की जनता भी भलीभांति अवगत है। पंचायत चुनाव के सवाल पर पूर्व मुख्यमंत्री ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन समेत सरकार के सभी मंत्रियों को अपरिपक्व करार दिया।
शासन चलाने का किसी के पास कोई अनुभव नहीं
रघुवर दास ने कहा कि प्रदेश का शासन चलाने का किसी के पास कोई अनुभव नहीं है। यह सरकार पंचायत का चुनाव कराना ही नहीं चाहती है। पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्तमान सरकार के शासनकाल में सबसे ज्यादा प्रताड़ित आदिवासी भाई हो रहे हैं। जबकि मुख्यमंत्री की कुर्सी पर एक आदिवासी ही विराजमान है। राज्य के आदिवासी भाइयों का कल्याण करने की बजाय मुख्यमंत्री तथा उनके मंत्री खनिज संपदा का लूट करवाने में लगे हुए हैं।
पर्यटन विकास के प्रोजेक्ट को भी सरकार ने लटकाया
पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास ने पूर्ववर्ती सरकार के द्वारा बनाए गए भद्रकाली मंदिर के मास्टर प्लान का काम शुरू नहीं होने पर भी निराशा व्यक्त की। उन्होंने कहा कि इस सरकार ने राज्य में पर्यटन विकास की कई योजनाओं को भी लटका कर रख दिया है। उन्होंने बताया कि करीब पांच सौ करोड़ रुपये की लागत से मां भद्रकाली मंदिर परिसर में पर्यटन विकास के लिए मास्टर प्लान की योजना तैयार की गई थी। योजना के तहत दुनिया का सबसे ऊंचा प्रेयर व्हील सनातन, बौद्ध एवं जैन धर्म के इस संगम स्थल पर बनना था। इस प्रोजेक्ट पर काम शुरू हो जाता तो राज्य में बड़ी संख्या में विदेशी पर्यटक भी आते। जिसे राज्य का राजस्व बढता। लेकिन वर्तमान सरकार पर्यटन विकास के प्रोजेक्ट पर भी कुंडली मारकर बैठ गई है।
इस मौके पर रघुवर दास के साथ ये लोग थे मौजूद
पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास के इटखोरी आगमन पर सिमरिया के विधायक किशुन कुमार दास, भाजपा के जिला अध्यक्ष अशोक शर्मा, वरिष्ठ भाजपा नेता काली चरण सिंह, जिला महामंत्री मृत्युंजय सिंह, मिथिलेश गुप्ता, जिला मंत्री सतीश सिंह, मंडल अध्यक्ष देव कुमार सिंह, रसिक शिरोमणि, विधायक प्रतिनिधि निरंजन सिंह, मंदिर प्रबंधन समिति के सदस्य रतन शर्मा, सुरेंद्र सिंह आदि ने उनका स्वागत किया।