महाराष्ट्र की राजनीति में हलचल: अमित शाह से मुलाकात के तुरंत बाद एक्टिव हुईं सुनेत्रा पवार, NCP विधायकों के साथ की बैठक
मुंबई राकांपा अध्यक्ष जीशान सिद्दीकी ने कहा कि बैठक में मौजूद सभी विधायकों, मंत्रियों और पदाधिकारियों ने एक स्वर में कहा कि पार्टी सुनेत्रा पवार के नेतृत्व में एकजुट है।

वरिष्ठ नेताओं की शाह से मुलाकात के बाद सुनेत्रा पवार ने की राकांपा विधायकों के साथ बैठक
HighLights
इस बैठक में मंत्रियों सहित लगभग 50 विधायक हुए शामिल
विधायकों, मंत्रियों और पदाधिकारियों ने कहा, पार्टी सुनेत्रा के नेतृत्व में है एकजुट
पीटीआई, मुंबई। राकांपा प्रमुख और महाराष्ट्र की उप मुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार ने मंगलवार को पार्टी विधायकों के साथ बैठक की। यह बैठक ऐसे समय में हुई है, जब उनकी पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने उनकी अनुपस्थिति में दिल्ली में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात की है।
उनकी अध्यक्षता में यह बैठक दक्षिण मुंबई स्थित उनके आधिकारिक आवास देवगिरी में हुई, जहां उन्होंने विश्वास जताया कि 2029 के चुनावों में पार्टी और अधिक सीटें जीतेगी। इस बैठक में मंत्रियों सहित लगभग 50 विधायक शामिल हुए।
बैठक में उनके बेटे पार्थ और जय भी मौजूद थे। मुंबई राकांपा अध्यक्ष जीशान सिद्दीकी ने कहा कि बैठक में मौजूद सभी विधायकों, मंत्रियों और पदाधिकारियों ने एक स्वर में कहा कि पार्टी सुनेत्रा पवार के नेतृत्व में एकजुट है।
उन्होंने कहा कि 2029 में सुनेत्रा पवार ही हमारा नेतृत्व करेंगी। दिवंगत अजीत पवार ने हर हफ्ते विधायकों से मिलने की परंपरा शुरू की थी और हमने तय किया है कि इस परंपरा को जारी रखा जाए। इससे किसी भी तरह की गलतफहमी को दूर करने में भी मदद मिलेगी।
बैठक के दौरान पार्थ ने कुछ नहीं कहा, जबकि सुनेत्रा पवार ने कहा कि पार्टी एकजुट है और दिवंगत अजीत पवार के सपनों को पूरा करने के लिए काम करेगी।
उन्होंने मंत्रियों से कहा कि वे अपने निर्वाचन क्षेत्रों में विकास कार्यों और संगठनात्मक कार्यों के लिए पार्टी विधायकों को समय दें। पार्टी के एक पदाधिकारी ने बताया कि बैठक में संगठन को मजबूत करने और एक दर्जन से अधिक जिला परिषद चुनावों की तैयारियों पर भी चर्चा की गई।