Rajasthan: संबित पात्रा के खिलाफ राजस्थान के 33 जिलों में एफआइआर दर्ज
Sambit Patra युवा कांग्रेस के मुख्य प्रवक्ता आयुष भारद्वाज ने बताया कि युवा कांग्रेस द्वारा सभी 33 जिलों में 39 जगह पर भाजपा प्रवक्ता संबित पात्रा के विरुद्ध एफआइआर दर्ज करवाई है।
जागरण संवाददाता, जयपुर। Sambit Patra: भाजपा प्रवक्ता संबित पात्रा के खिलाफ राजस्थान के 33 जिलों में 39 स्थानों पर प्रारंभिक सूचना रिपोर्ट (एफआइआर) दर्ज कराई गई है। ये एफआइआर कांग्रेस प्रवक्ता राजीव त्यागी की मौत के मामले में करवाई गई। इसमें कहा गया कि एक टीवी डिबेट के दौरान संबित पात्रा ने राजीव त्यागी को इंगित करते हुए अमर्यादित, जातिगत व धार्मिक टिप्पणी की। इससे त्यागी पर बेहद गहरा असर पड़ा। उस डिबेट के कुछ वक्त बाद ही हार्टअटैक होने से उनकी मौत हो गई। एफआइआर के अतिरिक्त रविवार को विरोध-प्रदर्शन भी किए गए। कांग्रेस कार्यकर्ता संबित पात्रा के खिलाफ दो दिन से आंदोलन कर रहे हैं।
युवा कांग्रेस के मुख्य प्रवक्ता आयुष भारद्वाज ने बताया कि युवा कांग्रेस द्वारा सभी 33 जिलों में 39 जगह पर भाजपा प्रवक्ता संबित पात्रा के विरुद्ध एफआइआर दर्ज करवाई है। यह रिपोर्ट संबंधित जिला युवा कांग्रेस के अध्यक्ष और विधानसभा क्षेत्र के अध्यक्ष द्वारा करवाई गई है। राजस्थान प्रदेश युवा कांग्रेस द्वारा ये मामला गैर इरादतन हत्या का माना गया है। उल्लेखनीय है कि कांग्रेस प्रवक्ता राजीव त्यागी का बुधवार को दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया था। कुछ देर पहले ही वे एक टीवी चैनल पर डिबेट में शामिल हुए थे। तबीयत बिगड़ने पर उन्हें गाजियाबाद के एक अस्पताल ले जाया गया था। टीवी डिबेट में शामिल होने की जानकारी राजीव त्यागी ने खुद अपने ट्विटर हैंडल पर दी थी।
गौरतलब है कि संबित पात्रा भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता हैं। टीवी डिबेट में लोकप्रियता बटोरने वाले संबित पात्रा 2019 के लोकसभा चुनाव में उतने लोकप्रिय साबित नहीं हुए। उन्होंने ओडिशा पुरी चुनाव से नामांकन दाखिल किया लेकिन चुनाव हार गए। पेशे से डॉक्टर, पात्रा ने 1997 में वीएसएस मेडिकल कॉलेज और अस्पताल, बुर्ला, संबलपुर, ओडिशा से एमबीबीएस किया। इसके बाद उन्होंने 2003 में यूपीएससी संयुक्त चिकित्सा सेवाएं उत्तीर्ण की और उन्हें हिंदू राव अस्पताल, दिल्ली में एक चिकित्सा अधिकारी नियुक्त किया गया। उन्होंने 2010 में राजनीति में कदम रखा जब उन्हें भाजपा की दिल्ली इकाई का प्रवक्ता नियुक्त किया गया। इसके बाद उन्होंने भाजपा के कुछ अभियान चलाए और कश्मीरी गेट से नगरपालिका के चुनाव में भी असफल रहे। उन्हें 2011 में भाजपा का राष्ट्रीय प्रवक्ता नियुक्त किया गया, और उस पद को उन्होंने अभी भी बनाए रखा है।