Delhi Assembly Election : 'यूपी कैबिनेट' का एजेंडा- दिल्ली में 'सरकार', मंत्रियों के साथ दिल्ली में डटे हैं सीएम योगी आदित्यनाथ
Delhi Assembly Election दिल्ली विधानसभा के चुनाव प्रचार में जिस तरह से योगी आदित्यनाथ सरकार के ज्यादातर मंत्री जुटे हैं उससे लगता है कि प्रदेश कैबिनेट के ऊपर भरोसा व दारोमदार है
लखनऊ, जेएनएन। भारतीय जनता पार्टी ने दिल्ली के शाहीन बाग के इर्दगिर्द विधानसभा चुनाव समेटने के प्रतिद्वंद्वी दलों के दांव का पलटवार उत्तर प्रदेश से तलाशा है। नागरिकता संशोधन कानून (सीएए) के विरोध में यहां गोली चलाने वालों को सबक सिखाने के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ दिल्ली में बोली से लक्ष्य भेदने उतर गए हैं।
दिल्ली विधानसभा के चुनाव प्रचार में जिस तरह से योगी आदित्यनाथ सरकार के ज्यादातर मंत्री जुटे हैं, उससे लगता है कि उत्तर प्रदेश कैबिनेट के ऊपर बड़ा भरोसा और दारोमदार है। सीएए के खिलाफ उत्तर प्रदेश में माहौल काफी गर्माया रहा। उसमें अब तक ताबड़तोड़ कार्रवाई चल रही है। इसी बीच सरकार ने बिजनौर से बलिया तक पांच दिन की गंगा यात्रा निकाली, जिसमें लगभग सभी मंत्री लगे रहे। 31 जनवरी को यहां समापन कर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपनी 'कैबिनेट' के साथ दिल्ली में तख्ता पलट का अभियान शुरू कर दिया। हर दिन दिल्ली में उनकी कई सभाएं हो रही हैं, जिसमें वह खास तौर पर शाहीन बाग और सीएए पर ही बोल रहे हैं।
दिल्ली चुनाव में योगी आदित्यनाथ की उपयोगिता का अंदाजा इस बात से भी लगाया जा सकता है कि बुधवार को अंतरराष्ट्रीय स्तर के डिफेंस एक्सपो का उद्घाटन करने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी लखनऊ आ रहे हैं। मुख्यमंत्री के ऊपर बड़ी जिम्मेदारी है। इसके बावजूद मंगलवार को भी उनकी सभाएं दिल्ली में प्रस्तावित हैं।
योगी आदित्यनाथ के साथ लगे प्रमुख मंत्री
मुख्यमंत्री हर दिन आ-जा रहे हैं, जबकि उपमुख्यमंत्री डॉ. दिनेश शर्मा, केशव प्रसाद मौर्य, एमएसएमई मंत्री सिद्धार्थनाथ सिंह, ऊर्जा मंत्री श्रीकांत शर्मा, गन्ना मंत्री सुरेश राणा, जलशक्ति मंत्री डॉ. महेंद्र सिंह, कानून मंत्री बृजेश पाठक, खेल एवं युवा कल्याण मंत्री उपेंद्र तिवारी आदि के अलावा खासतौर से पश्चिमी उत्तर प्रदेश से आने वाले कई और मंत्री भी दिल्ली चुनाव में सक्रिय हैं।
योगी आदित्यनाथ की खरी-खरी
'दंगा करने वालों को बिरयानी नहीं खिलाएंगे।'
'कश्मीर में कांग्रेस बिरयानी खिलाती थी, शाहीन बाग में केजरीवाल खिला रहे हैं।'
'सीएए का विरोध करने वालों पर कैसे रोक लगती है, यह उत्तर प्रदेश से सीखना चाहिए।'
'भाजपा सरकार में दिल्ली का विकास होगा, शाहीन बाग नहीं।'
टली आज की कैबिनेट बैठक
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सहित अधिकांश मंत्री दिल्ली चुनाव में व्यस्त हैं। इसके कारण मंगलवार को होने वाली कैबिनेट की बैठक को टाल दिया गया, जो अब बुधवार सुबह दस बजे से प्रस्तावित है।