Coronavirus : अखिलेश यादव ने कहा- पीड़ितों और जरूरतमंदों की मदद कर रही समाजवादी पार्टी
Coronavirus अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा के तथाकथित बुद्धिजीवियों का गैंग समाजवादी पार्टी और उसके नेतृत्व की छवि खराब करने की नीयत से अनर्गल आरोप लगाता रहता है।
लखनऊ, जेएनएन। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि उनकी पार्टी कोरोना के प्रतिरोध में लागू लॉकडाउन का पूरी तरह पालन कर रही है। सरकारी और चिकित्सीय एडवायजरी का पालन करते हुए पीड़ितों और जरूरतमंदो की सहायता कर रही है। सपा संकट के इस हालात में लोकतांत्रिक व्यवस्था में अपनी जिम्मेदारी से मुंह नहीं मोड़ सकती है। हमारे सुझाव व शिकायतें टीम इलेवन के काम को अधिक सुसंगत बनाने के लिए होती हैं।
उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने शनिवार को बयान जारी कर कहा कि सत्ता के दुरुपयोग का प्रमाण यह है कि भाजपा के तथाकथित बुद्धिजीवियों का गैंग समाजवादी पार्टी और उसके नेतृत्व की छवि खराब करने की नीयत से अनर्गल आरोप लगाता रहता है। लोकतंत्र में इसे स्वस्थ परंपरा नहीं कहा जा सकता है। समाजवादी पार्टी सदैव सकारात्मक और रचनात्मक आलोचना की पक्षधर रही है। सरकार से क्या यह नहीं पूछना चाहिए कि किसानों, बेरोजगारों, महिलाओं, नौजवानों और प्रभावित वर्ग के लिए क्या राहत कार्य किए जा रहे हैं? इन हालातों से गुजर रहे कमजोर वर्ग के लिए बोलना क्या गुनाह है?
अखिलेश यादव ने गुजरात के सूरत में लॉकडाउन में फंसे सैकड़ों मजदूरों द्वारा मालिकों से अपना वेतन व प्रशासन से घर जाने की व्यवस्था की मांग पर गिरफ्तार किया जाना संवेदनशील विषय है। सरकार तत्काल इन मजदूरों को आर्थिक व आवासीय सहायता दे।
इससे पहले समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा था कि कोरोना का राजनीतिकरण दुर्भाग्यपूर्ण है। इससे मूल मुद्दों से ध्यान हटता है। सरकार से पूछे जाने वाले मूल प्रश्न पीछे छूट जाते हैं। सरकार याद रखे 'भूख' का आइसोलेशन नहीं हो सकता है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में टीम-11 की बैठकों में अभी तक किसानों और दुग्ध उत्पादकों के बारे में कोई निश्चित और प्रभावी निर्णय नहीं लिए गए हैं। इससे कृषि क्षेत्र में अव्यवस्था फैली हुई है। छोटे किसान पशुपालन का भी धंधा करते हैं। लॉकडाउन के चलते दुग्ध संग्रह केंद्र बंद हो चुके हैं। पशु आहार महंगा हो गया है। पशुओं के रोगों के इलाज की कोई व्यवस्था नहीं है।
ज्योतिबा फुले को किया याद
अखिलेश यादव ने शनिवार को महात्मा ज्योतिबा फुले की जयंती पर उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित करते हुए कहा कि महात्मा फुले भारतीय समाज में फैली अनेक कुरीतियों को दूर कर समाज में समरसता लाने का प्रयास किया।