लाइव स्ट्रीमिंग से विधानसभा की कार्यवाही देख रहे कोरोना संक्रमित मंत्री और विधायक, जनता के लिए भी सुविधा
Himachal Vidhan Sabha लाइव स्ट्रीमिंग की सुविधा से जल शक्ति मंत्री महेंद्र सिंह ठाकुर विधानसभा की कार्यवाही का सीधा प्रसारण देख रहे हैं।
शिमला, प्रकाश भारद्वाज। लाइव स्ट्रीमिंग की सुविधा से जल शक्ति मंत्री महेंद्र सिंह ठाकुर विधानसभा की कार्यवाही का सीधा प्रसारण देख रहे हैं। इसी तरह चार विधायक लखविंद्र सिंह राणा, कमलेश कुमारी, इंद्र सिंह गांधी और पवन नैयर मानसून सत्र के दौरान सदन में क्या कुछ हो रहा है, सब अपने मोबाइल फोन पर देख रहे हैं। सदन की कार्यवाही केवल तीन सेकेंड के विलंब से मोबाइल फोन पर पहुंच रही है। विधानसभा अध्यक्ष विपिन सिंह परमार के फेसबुक पेज पर हर रोज विधानसभा सत्र की दैनिक कार्यवाही वीडियो कैप्सूल के जरिये उपलब्ध है। बिहार, झारखंड, मध्य प्रदेश, राजस्थान, उत्तर प्रदेश में लोगों के लिए वेब कास्टिंग की सुविधा प्राप्त है। इन राज्यों के लोग मोबाइल फोन पर विधानसभा का सीधा प्रसारण देखते हैं। लोकसभा व राज्यसभा का सीधा प्रसारण बहुत पहले से हो रहा है।
विधानसभा अध्यक्ष विपिन सिंह परमार का कहना है देखिए, इस सत्र में हमारी ओर से दो प्रयोग किए गए। अस्पताल में भर्ती जल शक्ति मंत्री महेंद्र सिंह ठाकुर को मोबाइल फोन पर विधानसभा की कार्यवाही देखने की सुविधा प्रदान की गई। उसके बाद एहतियात के तौर घर पर आइसोलेट लखविंद्र सिंह राणा, कमलेश कुमारी, इंद्र सिंह गांधी, पवन नैयर को भी मोबाइल फोन पर विधानसभा की कार्यवाही के साथ जोड़ा। दूसरा काम ये किया गया कि मेरे फेसबुक पेज पर विधानसभा कार्यवाही के वीडियो डाले जा रहे हैं।
फेसबुक पर विधानसभा
विधानसभा अध्यक्ष विपिन सिंह परमार के फेसबुक पेज पर विधानसभा की कवरेज से जुड़े वीडियो सैकड़ों लोग देख रहे हैं। मंत्रियों व विधायकों की बहस पर लोगों के कमेंट आ रहे हैं। पुलिस विभाग के डॉग स्क्वाड के प्रशिक्षित कुत्तों की ओर से सलामी देने से जुड़ा वीडियो खूब वायरल और ट्रोल हुआ। पांच दिन के सत्र से जुड़े वीडियो अध्यक्ष के फेसबुक पेज पर उपलब्ध हैं।
रिज व स्कैंडल प्वाइंट पर स्क्रीन
वर्ष 2000 में केबल नेटवर्क के माध्यम से विधानसभा की कार्यवाही का सीधा प्रसारण दिखाने की व्यवस्था हुई थी। उस समय रिज व स्कैंडल प्वाइंट पर लगी स्क्रीनों पर लोग सीधा प्रसारण देखते थे।