Move to Jagran APP

किसान जनजागरण अभियान में 55 लाख किसान परिवारों से मांग पत्र भरवाएगी कांग्रेस

Congress in UP कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू ने बताया कि 40 दिन तक चलने वाले इस अभियान में प्रदेश के 2 करोड़ 71 लाख 26 हजार लोगों से संवाद किया जाएगा।

By Dharmendra PandeyEdited By: Published: Fri, 07 Feb 2020 04:28 PM (IST)Updated: Fri, 07 Feb 2020 04:28 PM (IST)
किसान जनजागरण अभियान में 55 लाख किसान परिवारों से मांग पत्र भरवाएगी कांग्रेस
किसान जनजागरण अभियान में 55 लाख किसान परिवारों से मांग पत्र भरवाएगी कांग्रेस

लखनऊ, जेएनएन। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की महासचिव और उत्तर प्रदेश की प्रभारी प्रियंका गांधी वाड्रा की योजना के तहत कांग्रेस उत्तर प्रदेश में अब मिशन-2022 की ओर बढ़ रही है। इसके तहत अहम कदम उठाते हुए कांग्रेस किसानों को अपने साथ जोडऩे के लिए मैदान में उतर आई है। प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू ने पार्टी मुख्यालय से प्रदेश में किसान जनजागरण अभियान की घोषणा की और बाराबंकी के सरैया गांव में एक किसान से मांग पत्र भरवाकर अभियान की शुरुआत की।

loksabha election banner

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू ने बताया कि 40 दिन तक चलने वाले इस अभियान में प्रदेश के 2 करोड़ 71 लाख 26 हजार लोगों से संवाद किया जाएगा। प्रत्येक ब्लॉक में प्रतिदिन 300 किसान परिवारों से मिलकर कार्यकर्ता किसान मांग पत्र भरवाएंगे। इस तरह एक दिन में लगभग ढाई लाख परिवारों से जनसंपर्क किया जाएगा। पूरे अभियान में 55 लाख किसान परिवारों से संपर्क का लक्ष्य है। लल्लू ने बताया कि हर ब्लॉक में कम से कम 30 कार्यकर्ता प्रतिदिन 10 पीडि़त किसानों से मांग पत्र भरवाएंगे। अभियान में कुल 25 हजार कार्यकर्ता लगाए गए हैं। उन्होंने बताया कि 17 से 23 फरवरी तक हर ब्लॉक में दो-दो नुक्कड़ सभा की जाएंगी। 12 हजार नुक्कड़ सभाएं पूरे प्रदेश में कांग्रेस नेता करेंगे।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू ने प्रदेश व्यापी किसान जनजागरण अभियान की शुरुआत जिले के सरैया गांव (बाराबंकी) में रैली करके की। इस दौरान उन्होंने कहा इस अभियान में कांग्रेस पार्टी 2 करोड़ 72 लाख लोगों से संवाद करेगी। लगभग 55 लाख किसान परिवारों से मिलेगी। यूपी का हर पांचवा ग्रामीण परिवार अभियान का हिस्सा होगा।

अजय कुमार लल्लू ने कहा कि सरकार जिम्मेदारियों से भाग नहीं सकती। प्रदेश सरकार यह जान ले किसानों का हक उसे हर हाल में देना होगा। अब कांग्रेस किसान विरोधी भाजपा सरकार को ब्लॉक-तहसील से लेकर लखनऊ तक घेरेगी।

भाजपा के जनप्रतिनिधियों को देंगे ज्ञापन

प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू ने बताया अपने इस अभियान के दूसरे चरण में भाजपा के सांसद-विधायकों को सरकार जगाओ-किसान बचाओ नारे के साथ ज्ञापन सौंपे जाएंगे। तीसरे चरण में तहसील दिवस पर प्रदर्शन कर पीडि़त किसानों का नाम लेकर उनकी समस्याओं को उजागर किया जाएगा। वहीं, चौथे चरण में जिला मुख्यालयों पर जिलाधिकारी का घेराव होगा। अंतिम और पांचवें चरण में लखनऊ में एक बड़ा किसान मार्च निकाला जाएगा। इस दौरान कांग्रेस विधानमंडल दल की नेता आराधना मिश्रा सहित अन्य वरिष्ठ नेता उपस्थित थे।

प्रियंका ने किया ट्वीट

कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने इस अभियान की जानकारी देते हुए ट्वीट किया। अपने ट्वीट में प्रियंका गांधी ने योगी आदित्यनाथ सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि देश का अन्नदाता हमारी प्राथमिकता है। उत्तर प्रदेश की भाजपा सरकार ने किसानों के साथ हर मोर्चे पर छल किया है। आज किसान को फसल का दाम नहीं मिलता। खेती की लागत बढ़ गई है। इसके साथ आवारा पशुओं के कहर से किसान परेशान है। हर जगह के किसानों की फसल आवारा पशु रौंद देते हैं और किसान को कोई मुआवजा तक नहीं मिलता। कांग्रेस पार्टी इस पूरे अभियान के जरिए किसानों के हक की आवाज को मजबूत करेगी।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.