चंद्रयान-2 के सफल प्रक्षेपण के लिए इसरो के वैज्ञानिकों को यूपी विधानसभा में दी गई बधाई
विधानसभा में मंगलवार को चंद्रयान-2 के सफलतापूर्वक प्रक्षेपण के लिए इसरो के वैज्ञानिकों मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ समेत सभी सदस्यों ने बधाई दी।
जेएनएन, लखनऊ। विधानसभा में मंगलवार को चंद्रयान-2 के सफलतापूर्वक प्रक्षेपण के लिए इसरो के वैज्ञानिकों मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ समेत सभी सदस्यों ने बधाई दी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि भारत के लिए यह गौरवशाली पल है। सरकार के इस धन्यवाद प्रस्ताव का सभी ने समर्थन किया। हालांकि विपक्ष ने इस धन्यवाद प्रस्ताव की पहले से सूचना न देने पर ऐतराज जताया।
बसपा सदस्यों ने किया बहिर्गमन
प्रदेश में मकानों के ऊपर हाईटेंशन तारों का सरकारी खर्चे पर सर्वेक्षण कराने की मांग को लेकर बसपा सदन में चर्चा कराए जाने पर जोर दे रही थी। यह प्रस्ताव अस्वीकार किए जाने के बाद बसपा सदस्यों ने सदन का बहिर्गमन किया। जौहर विश्वविद्यालय के कुलाधिपति और सांसद मोहम्मद आजम खान पर मुकदमे दर्ज किए जाने के विरोध में सपा सदस्य सदन की कार्यवाही रोक कर चर्चा कराए जाने की मांग कर रहे थे, लेकिन विधानसभा अध्यक्ष ने इसे अस्वीकार कर दिया तो सपा सदस्यों ने बेल में आकर हंगामा किया।
हंगामें के बीच सिविल विधि (उत्तर प्रदेश संशोधन) विधेयक 2019 पारित किया गया। साथ ही विधानसभा में उत्तर प्रदेश राज्य विश्वविद्यालय ( संशोधन) विधेयक 2019 उत्तर प्रदेश राज्य विश्वविद्यालय (द्वितीय संशोधन) विधेयक 2019 और उत्तर प्रदेश निजी विश्वविद्यालय विधेयक 2019 पेश किया गया।