कॉमनवेल्थ पार्लियामेंट्री सम्मेलन: लखनऊ पहुंचे लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला, संसदीय विषयों पर हुई चर्चा
उत्तर प्रदेश विधानमंडल के विधानसभा मंडप में होने वाले सम्मेलन में देश की सभी विधानसभा व विधानपरिषद के अध्यक्ष व सभापति शामिल हो रहे हैं।
लखनऊ, जेएनएन। लखनऊ, जेएनएन। सातवें कॉमनवेल्थ पार्लियामेंट्री एसोसिएशन (इंडिया रीजन) का सम्मेलन पहली बार राजधानी लखनऊ में बुधवार से आयोजित हुआ। तीन दिनों तक चलने वाले इस सम्मेलन में विधायिका के कामकाज में सुधार पर चर्चा एवं विचार-विमर्श किया जाना है। इसमें शामिल होने के लिए लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला राजधानी पहुंचे। उत्तर प्रदेश विधानसभा अध्यक्ष हृदय नारायण दीक्षित ने लखनऊ एयरपोर्ट पर उनका स्वागत किया। इस दौरान मंत्री सुरेश खन्ना भी मौजूद रहे।
वहीं, लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला एयरपोर्ट से सीधे उप्र राज्यपाल आनंदीबेन पटेल से मिलने पहुंचे। राज्यपाल ने उन्हें शिष्टाचार भेंट की। इसके बाद लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला की उपस्थिति में भारत प्रक्षेत्र की कार्यकारिणी समिति की बैठक हुई। इस समिति में संसदीय विषयों पर चर्चा एवं विचार-विमर्श किया गया।
बता दें, दूसरे दिन 16 जनवरी को सुबह 11 बजे लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला विधान सभा मंडप में सम्मेलन का उद्घाटन करेंगे। इस मौके पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ समेत मंत्रिमंडल के सदस्य भी मौजूद रहेंगे। हृदयनारायण दीक्षित ने कहा कि इस सम्मेलन में सत्ता और विपक्ष के भेद नहीं हो। सदन में नेता सदन को भी बोलने का मौका मिलेगा। यह उत्तर प्रदेश के लिए सौभग्य का विषय है यह सम्मेलन यहां आयोजित किया जा रहा है।
विधानमंडल के विधानसभा मंडप में होने वाले सम्मेलन में देश की सभी विधानसभा व विधानपरिषद के अध्यक्ष व सभापति शामिल हो रहे हैं। लखनऊ में आयोजित होने वाले राष्ट्रमंडल संसदीय संघ, भारत प्रक्षेत्र का 7वां सम्मेलन है।
उत्तर प्रदेश की राज्यपाल महामहिम आनंदीबेन पटेल जी ने आज लखनऊ स्थित राजभवन में शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान कई समसामयिक विषयों पर चर्चा हुई।@anandibenpatel pic.twitter.com/A1NzQHz7Dq — Om Birla (@ombirlakota) January 15, 2020
इससे पहले 6वां सम्मेलन फरवरी, 2018 में बिहार में आयोजित किया गया था। राष्ट्रमंडल संसदीय संघ की स्थापना वर्ष 1911 में एम्पायर पार्लियामेंट्री एसोसिएशन के रूप में की गई थी। इसका उद्देश्य राष्ट्रमंडल संसदों के सदस्यों के बीच संसदीय विचारों और सूचनाओं का आदान-प्रदान करना और लोकतंत्र की उन्नति को बढ़ावा देना है। वर्ष 1948 इसका नाम बदलकर कॉमनवेल्थ पार्लियामेंट्री एसोसिएशन कर दिया गया।
प्रमुख सचिव विधानसभा प्रदीप दुबे ने दोनों सदनों (विधानसभा व विधान परिषद) के सदस्यों को पत्र लिखकर 16 जनवरी को उद्घाटन समारोह में सुबह 11 बजे से लेकर दोपहर एक बजे तक उपस्थित रहने का आग्रह किया है। दुबे ने बताया कि सम्मेलन में राज्यसभा के उपसभापति हरिवंश भी भाग लेंगे। विधान सभाओं के अध्यक्ष व विधान परिषदों के सभापति भी भाग लेंगे। सम्मेलन का समापन राज्यपाल आनंदीबेन पटेल करेंगी।