Jodhpur Municipal Corporation Election 2020: चुनाव प्रचार के रंग, किसी ने प्रत्याशी को दूध से नहलाया तो किसी ने शरीर पुतवाया
Jodhpur Municipal Corporation Election 2020 जोधपुर नगर निगम चुनाव का प्रचार परवान पर है। प्रथम चरण के मतदान के लिए मंगलवार शाम को प्रचार थम जाएगा लेकिन इससे पहले चुनाव प्रचार के कई रंग देखने को मिल रहे हैं।
जोधपुर, संवाद सूत्र। Jodhpur Municipal Corporation Election 2020: राजस्थान के जोधपुर नगर निगम चुनाव का प्रचार परवान पर है। प्रथम चरण के मतदान के लिए मंगलवार शाम को प्रचार थम जाएगा, लेकिन इससे पहले चुनाव प्रचार के कई रंग देखने को मिल रहे हैं। कहीं कोई पूरी तरीके से खुद को भाजपा के रंग में रंग रहा है तो कहीं प्रत्याशियों का ही दुग्ध अभिषेक किया जा रहा है। जोधपुर में नगर निगम के दो जोन के लिए 160 वार्ड में चुनाव 29 अक्टूबर और एक नवंबर को होने जा रहे हैं। जोधपुर नगर निगम चुनाव का दिन जैसे-जैसे समीप आ रहा है, कार्यकर्ताओं के उत्साह में भी वृद्धि देखने को मिल रही है। भाजपा में प्रचार की कमान खुद गजेंद्र सिंह शेखावत ने संभाल रखी है। उनसे मिलने के लिए कार्यकर्ता भी नित नए कार्य कर रहे हैं। कार्यकर्ता प्रवीण जीनगर का उत्साह देखते ही बनता है। जोधपुर के प्रतापनगर क्षेत्र में पहुचे शेखावत के सामने एक कार्यकर्ता प्रवीण जीनगर ने पूरे शरीर पर केसरिया रंग रंगवाया हुआ था। प्रवीण ने शरीर पर लिखवाया है आईं लव गज्जू बन्ना। वेलकम गज्जू बन्ना।
प्रत्याशी का किया दूध से अभिषेक
एक ओर जहां प्रत्याशी मतदाताओं को रिझाने के लिए अलग-अलग प्रयास कर रहे हैं, प्रचार कर रहे हैं तो वही मतदाता और क्षेत्रवासी भी अपने चहेते उम्मीदवार का स्वागत बड़े जोर शोर से कर रहे हैं। इसी क्रम में जोधपुर के उत्तर जोन के वार्ड संख्या 38 से कांग्रेस पार्टी के प्रत्याशी हुकम सिंह पेनु का वार्ड वासियों ने दूध से अभिषेक कर स्वागत किया। जन समर्थन के लिए जब कांग्रेस प्रत्याशी वार्ड 38 के उम्मेद चौक क्षेत्र में पहुंचे तो वहां मौजूद स्थानीय निवासियों ने पेनु सा को बिठाकर दुग्धाभिषेक किया और आशीर्वाद दिया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में महिलाएं भी मौजूद रहीं।
गौरतलब है कि राजस्थान नगर निगम चुनाव 2020 को लेकर सरगर्मियां तेज हैं। ऐसे में जोधपुर नगर निगम चुनाव को लेकर एक बार फिर से दोनों ही पार्टियों के दिग्गज मैदान में आ डटे हैं। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) से लोकसभा चुनाव जीते और वर्तमान में केंद्रीय जल शक्ति मंत्रालय जैसे महत्वपूर्ण मंत्रालय में अपनी भूमिका निभा रहे जोधपुर के सांसद गजेंद्र सिंह शेखावत मोर्चा संभाले हैं। वहीं दूसरी ओर, कांग्रेस में भी लोकसभा चुनाव हारे मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के पुत्र आरसीए चेयरमैन वैभव गहलोत ने कमान संभाली है। फिर भी वैभव गहलोत के मोर्चा संभाल लेने से स्थिति रोचक जान पड़ रही है। दोनों ही पार्टियां जीत का दावा कर रही हैं।