Move to Jagran APP

कई विभागों के कामकाज से सीएम योगी आदित्यनाथ खफा, कसौटी पर खरे नहीं उतर रहे ये विभाग

हाल में कई विभागों में हुए तबादलों को निरस्त कर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने साफ कर दिया कि अब मंत्रियों की मनमानी नहीं चलेगी।

By Umesh TiwariEdited By: Published: Fri, 09 Aug 2019 08:11 PM (IST)Updated: Sat, 10 Aug 2019 07:42 AM (IST)
कई विभागों के कामकाज से सीएम योगी आदित्यनाथ खफा, कसौटी पर खरे नहीं उतर रहे ये विभाग
कई विभागों के कामकाज से सीएम योगी आदित्यनाथ खफा, कसौटी पर खरे नहीं उतर रहे ये विभाग

लखनऊ, राज्य ब्यूरो। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सरकारी कामकाज में पारदर्शिता और शुचिता पर जोर दिया है, लेकिन कई विभाग उनकी कसौटी पर खरे नहीं उतर रहे हैं। कुछ विभागों के रवैये से योगी खफा हैं। तबादलों से लेकर कामकाज की वह अब नए सिरे से समीक्षा कर रहे हैं। हाल में कई विभागों में हुए तबादलों को निरस्त कर उन्होंने साफ कर दिया कि अब मंत्रियों की मनमानी नहीं चलेगी।

loksabha election banner

मुख्यमंत्री की निगाह मंत्रियों के कामकाज पर टिकी है। स्टांप एवं निबंधन विभाग में उप निबंधक से लेकर चतुर्थ श्रेणी के कर्मचारियों के करीब 350 तबादले गुरुवार को निरस्त कर दिये गए। इन तबादलों को लेकर मुख्यमंत्री तक शिकायत पहुंची थी। इनमें 30 जून से लेकर एक अगस्त के बीच करीब 60 उप निबंधकों के भी तबादले किये गए थे। इन तबादलों के चलते विभागीय मंत्री की भी शिकायत मुख्यमंत्री तक पहुंची। मुख्यमंत्री ने इन तबादलों को निरस्त कर स्पष्ट कर दिया कि चाहे कोई भी हो, लेकिन अनियमित तरीके से कामकाज करेगा तो उस पर अंकुश लगाया जाएगा।

स्टांप एवं निबंधन विभाग कोई अकेला विभाग नहीं है जहां हुए तबादलों को मुख्यमंत्री के निर्देश पर निरस्त किया गया। कई जिला बेसिक शिक्षा अधिकारियों के भी तबादले निरस्त किये गए। ये तबादले उस समय कर दिये गए थे जब स्कूल चलो अभियान चल रहा था। जाहिर है कि यह व्यवस्थागत खामी थी जिसका असर अभियान पर पड़ना स्वाभाविक था। हद तो तब हो गई जब स्वास्थ्य विभाग में सीएमओ और सीएमएस के तबादले किये गए और शाम को मुख्यमंत्री कार्यालय ने आदेश जारी कर इन पर रोक लगा दी। ये तबादले उस समय किया गया था जब संचारी रोग नियंत्रण अभियान चल रहा था। मुख्यमंत्री ने इस पर भी नाराजगी जतायी थी।

मंत्रियों से साठ-गांठ करने वाले अफसरों पर भी नजर

मुख्यमंत्री तक कुछ अफसरों की भी शिकायत पहुंची है। ये अफसर मंत्रियों से साठ-गांठ कर नियमों की अनदेखी कर फाइलों का निस्तारण कर रहे हैं। ऐसे अफसरों पर अभिसूचना तंत्र के साथ ही मुख्यमंत्री कार्यालय की भी नजर है। कई विभागों के कामकाज की ऑडिट कराने से लेकर वह अपने स्तर पर छानबीन भी करा रहे हैं।

जिलों में भी हो रही निगरानी

मुख्यमंत्री की मंशा है कि थाना, ब्लाक, तहसील और जिलों में काम काज पारदर्शी तरीके से हो। इसके लिए उन्होंने मंडलायुक्तों को विशेष रूप से जवाबदेह बनाया है। अभी हाल में बुलंदशहर के एसएसपी एन कोलांची शिकायत पर निलंबित किये गये थे। गुरुवार को मुख्यमंत्री के निर्देश पर जिलों में डीएम और एसएसपी की दफ्तर में मौजूदगी और कामकाज की समीक्षा की गयी। करीब एक दर्जन डीएम और आधा दर्जन एसएसपी कसौटी पर खरा नहीं पाये गये। उन सभी से स्पष्टीकरण मांगा गया है।

अब खबरों के साथ पायें जॉब अलर्ट, जोक्स, शायरी, रेडियो और अन्य सर्विस, डाउनलोड करें जागरण एप


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.