ममता ने कहा- 2021 से पहले हो चुकी है भाजपा की उल्टी गिनती शुरू, अन्य राज्यों की तरह भाजपा को झारखंड में भी हार मिलेगी
ममता बनर्जी ने कहा कि मैं मां माटी मानुष के प्रति आभारी हूं कतार में खड़ा होकर लोगों ने वोट दिया और यही लोकतंत्र की खूबसूरती है।
कोलकाता, जागरण संवाददाता। पश्चिम बंगाल विधान सभा उप चुनाव में सत्ताधारी तृणमूल कांग्रेस ने सभी तीन सीटों पर कब्जा जमा लिया। कलियागंज, खड़गपुर सदर और करीमपुर में तृणमूल के उम्मीदवारों को जीत मिली है जबकि भाजपा को मुंह की खानी पड़ी है। इस जीत से गदगद तृणमूल प्रमुख व बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने ऐतिहासिक जनादेश करार दिया है और कहा है कि जनता ने भाजपा के अहंकार का जवाब दिया है। बनर्जी ने कहा कि 'धर्मनिरपेक्षता और एकता' के पक्ष में और 'एनआरसी' के खिलाफ जनादेश है क्योंकि भाजपा ने अपने अहंकार और राज्य के लोगों को अपमानित करने का काम किया जिसका वह परिणाम भुगत रही है।
ममता ने यह भी कहा कि वह 2021 (बंगाल विधानसभा) की बात कर रहे थे जबकि 2019 में ही मामला समाप्त है क्योंकि भाजपा की उल्टी गिनती शुरू हो चुकी है। भाजपा को नहीं सोचना चाहिए कि देश के लोग बहुमत (भाजपा के पास) नहीं होने के बावजूद राज्यों में सरकार गठन के उसके धौंस जमाने वाले तौर तरीकों को स्वीकार कर लेंगे।
लोगों को बांटने वालों को मिला है करारा जवाब
राज्य सचिवालय नवान्न में बातचीत में ममता ने कहा कि मैं मां, माटी, मानुष के प्रति आभारी हूं, कतार में खड़ा होकर लोगों ने वोट दिया और यही लोकतंत्र की खूबसूरती है। यह जाति, धर्म, संस्कृति के नाम पर लोगों को बांटने वालों को करारा जवाब है जिसे वही महसूस कर सकता है जिसने जनता के हित में कोई उपलब्धि हासिल की हो। उन्होंने एक बार फिर कहा कि वे बंगाल में किसी भी कीमत पर एनआरसी लागू नहीं होने देंगी। उन्होंने कहा कि एनआरसी भाजपा का चुनावी एजेंडा है जिसने राज्य में जनता के मन में भय पद कर दिया है जिस कारण 20 से अधिक लोगों ने खुदकशी कर ली है।
भाजपा की मदद कर रहे वामो-कांग्रेस
विपक्षी माकपा और कांग्रेस पर हमला बोलते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि वे लोग खुद को मजबूत करने के बजाय राज्य में भाजपा की मदद कर रहे हैं। सभी ने बढ़ चढ़ कर मतदान में हिस्सा लिया है, यह बड़ी बात है भले ही यह उपचुनाव ही क्यों न हो।
लोगों के लिए तृणमूल ही विकल्प
सीएम ने कहा कि अलग-अलग सीटों के लिए अलग मुद्दे हमारी जीत की वजह बनी है। बंगाल के लोगों को दूसरे राज्यों में मारा जा रहा है, बेरोजगारी बढ़ी है, आर्थिक स्थिति चौपट हो रही है ऐसे में जनता को तृणमूल ही विकल्प नजर आ रही है।
झारखंड से भी हारेगी भाजपा
नवान्न में ममता बनर्जी ने बातचीत करते हुए कहा कि झारखंड में चुनाव होना है और अन्य राज्यों की तरह भाजपा को झारखंड में भी हार मिलेगी। उन्होंने कहा कि इससे पहले राजस्थान, मध्यप्रदेश के नतीजे आपने देखा है। महाराष्ट्र में भी जनता का जनादेश भाजपा के पक्ष में नहीं है। उन्होंने कहा कि मैं महाराष्ट्र के बारे में यही कहना चाहूंगी कि तीनों पार्टियां साथ मिलकर स्थाई सरकार चलाएं क्योंकि यदि बंगाल देश का सांस्कृतिक राजधानी है तो फिर मुंबई देश की आर्थिक राजधानी है।