चंद्रबाबू नायडू ने BJP पर लगाए आरोप, कहा- हमारे खिलाफ रची जा रही है साजिश
चंद्रबाबू नायडू ने यह भी आरोप लगाया कि भाजपा दक्षिण भारत में राजनैतिक नेतृत्व को कमजोर करना चाहती है।
अमरावती (आईएएनएस)। भ्रष्टाचार के आरोपों को लेकर सीबीआई जांच की अफवाहों का सामना कर रहे आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू ने शुक्रवार को कहा कि उनके खिलाफ साजिश रची जा रही है। तेलगु देशम पार्टी (टीडीपी) के मुखिया ने सासंदों और पार्टी के अन्य शीर्ष नेताओं को सतर्क रहने को कहा है और साथ ही हिदायत दी है कि वह आने वाली हर परेशानी का सामना करने के लिए तैयार रहें।
पार्टी के सांसदों से वीडियो कांफ्रेसिंग के जरिए बात करते हुए उन्होंने संसद में हो रहे गतिरोध की जानकारी ली। टीडीपी अध्यक्ष ने यह भी आरोप लगाया कि भाजपा दक्षिण भारत में राजनैतिक नेतृत्व को कमजोर करना चाहती है। उन्होंने कहा कि राज्य में टीडीपी का मजबूत होने का अर्थ आंध्र प्रदेश का मजबूत होना है। नायडू ने कहा कि वाईएसआर कांग्रेस और जन सेना को हथियार बनाकर टीडीपी को कमजोर करने की साजिश की जा रही है।
इससे पहले नायडू ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर आरोप लगाते हुए कहा था कि वह आंध्र प्रदेश में राजनैतिक अस्थिरता फैलाने की कोशिश कर रही है जो उसने तमिलनाडु में किया। वाईएसआर कांग्रेस और जनसेना की तरफ इशारा करते हुए उन्होंने कहा, 'मैं राजनीति में लोगों की सेवा करने के लिए आया हूं ना कि साजिश रचने के लिए। ऐसा केवल तीन पार्टिया कर सकती हैं।'
नायडू ने यह बयान ऐसे समय में दिया है जब तीनों दलों की तरफ से टीडीपी सरकार पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाए जा रहे हैं और मुख्यमंत्री तथा उनके बेटे को निशाना बनाया जा रहा है, जो राज्य सरकार में कैबिनेट मंत्री हैं। बुधवार को भाजपा नेता विष्णु कुमार राजू ने आरोप लगाया था कि टीडीपी सरकार पट्टीसीमा परियोजना में हुए भ्रष्टाचार में शामिल रही है जिसका उल्लेख सीएजी की रिपोर्ट में भी किया गया है।