राजस्थान सरकार में बवाल, नाखुश कैबिनेट मंत्री विश्वेंद्र सिंह सोनिया गांधी से करेंगे शिकायत
गहलोत सरकार के वरिष्ठ कैबिनेट मंत्री विश्वेंद्र सिंह कांग्रेस की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी से शिकायत की तैयारी कर रहे हैं।
जयपुर, नरेंद्र शर्मा। एक साल पुरानी राजस्थान की कांग्रेस सरकार में आंतरिक कलह बढ़ता ही जा रहा है। अब तक मुख्यमंत्री अशोक गहलोत और उप मुख्यमंत्री एवं प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष सचिन पायलट के बीच खींचतान चल रही थी। लेकिन अब गहलोत सरकार के वरिष्ठ कैबिनेट मंत्री विश्वेंद्र सिंह कांग्रेस की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी से शिकायत की तैयारी कर रहे हैं।
विश्वेंद्र सिंह की शिकायत है कि वे चार बार सांसद और दो बार विधायक रहे, लेकिन फिर भी उन्हे कम महत्व का पर्यटन जैसा महकमा दिया गया। वहीं मात्र एक या दो बार चुनाव जीतने वालों को महत्वपूर्ण विभाग का जिम्मा देते हुए कैबिनेट मंत्री तक बना दिया गया। अपनी ही सरकार से नाराज विश्वेंद्र सिंह ने सचिन पायलट के साथ उनके जयपुर स्थित आवास पर लंबी मुलाकात की। इस मुलाकात में विश्वेंद्र सिंह ने अपनी नाराजगी जताते हुए सोनिया गांधी तक मुद्दा पहुंचाने की बात कही।
केबिनेट मंत्री को मनाने पहुंचे अफसर
पर्यटन विभाग में खुद के बजाय अधिकारियों की राय को प्राथमिकता देने से नाराज विश्वेंद्र सिंह पिछले दो सप्ताह से अपने दफ्तर नहीं जा रहे हैं। वे फाइलों का भी निस्तारण नहीं कर रहे। वरिष्ठता के बावजूद कम महत्व का विभाग मिलने और विभाग द्वारा जारी किए जाने वाली टेंडर प्रक्रिया में गड़बड़ी से नाराज विश्वेंद्र सिंह पिछले कई दिनों से अधिकारियों की बैठक भी नहीं ले रहे हैं। नाराज विश्वेंद्र सिंह को मनाने सुबह मुख्यमंत्री के सचिव (आईएएस) अमित ढ़ाका पहुंचे। अमित ढ़ाका के अलावा मुख्यमंत्री सचिवालय के अन्य अधिकारी विश्वेंद्र सिंह को मनाने में जुटे, हालांकि उनकी नाराजगी फिलहाल बरकरार है। उनका कहना है कि केंद्र से लाइट एण्ड साउंड प्रोग्राम के लिए केंद्रसे 45 करोड़ का बजट मिला था। अधिकारियों ने पांच कामों के लिए एकल निविदा जारी कर दी। पर्यटन मंत्री की अनुमति नहीं ली गई।
पायलट बोले, विश्वेंद्र सिंह का सम्मान बरकरार रखना होगा
सचिन पायलट ने "दैनिक जागरण" को बताया कि विश्वेंद्र सिंह के साथ उनकी मुलाकात हुई थी। विश्वेंद्र सिंह काफी वरिष्ठ नेता हैं, उनका सम्मान बरकरार रखने की जिम्मेदारी सरकार की है। पायलट ने कहा कि विश्वेंद्र सिंह को राज्य पर्यटन विकास निगम में लाइट एंड साउंड शो से जुड़े जिस टेंडर को लेकर जो आपत्तियां है वे ठीक है। विश्वेंद्र सिंह वहां सुधार करना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि सरकार में अधिकारियों के स्थान पर जनप्रतिनिधियों को प्राथमिकता मिलनी चाहिए। इस बारे में विश्वेंद्र सिंह से बात की गई तो उन्होंने कहा कि मैने अपनी बात पार्टी नेतृत्व को बता दी,आगे भी बता देंगे।