CAA Protest in UP : हिंसा में मरे लोगों के परिवारों को पांच लाख रुपये और कानूनी मदद देगी समाजवादी पार्टी
सपा ने सीएए एनपीआर और एआरसी के खिलाफ जारी अपनी मुहिम को तेज कर दिया है। हिंसा पीड़ित परिवारों से सपा के उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल मिलकर उन्हें सांत्वना दे रहे हैं।
लखनऊ, जेएनएन। समाजवादी पार्टी (एसपी) ने एलान किया है कि नागरिकता संशोधन कानून और राष्ट्रीय नागरिक रजिस्टर विरोधी आंदोलन के दौरान सरकार के बर्बर अत्याचार में जान गंवाने वालों के पीड़ित परिवारों और आश्रितों को वह पांच लाख रुपये की आर्थिक मदद देगी। रविवार को यह घोषणा समाजवादी पार्टी के अधिकारिक ट्विटर पर की गई।
समाजवादी पार्टी ने नागरिकता संशोधन कानून (CAA), राष्ट्रीय जनसंख्या रजिस्टर (NPR) और राष्ट्रीय नागरिक रजिस्टर (NRC) के खिलाफ जारी अपनी मुहिम को तेज कर दिया है। हिंसा पीड़ित परिवारों से सपा के उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल मिलकर उन्हें सांत्वना दे रहे हैं।
संविधान बचाने के लिए CAA-NRC विरोधी आंदोलन के दौरान सरकार के बर्बर अत्याचार में जान गंवाने वालों के पीड़ित परिवारों एवं मृतक आश्रितों को पांच लाख ₹ की आर्थिक मदद देगी समाजवादी पार्टी। — Samajwadi Party (@samajwadiparty) January 5, 2020
लखनऊ जेल में बंद सांस्कृतिक तथा मानवाधिकार कार्यकर्ताओं से विधान परिषद सदस्य शशांक यादव, आनंद भदौरिया और सुनील साजन तथा विधायक अंबरीष पुष्कर ने मुलाकात की। सपा नेताओं ने अधिवक्ता सभा के जरिये मदद दिलाने का आश्वासन दिया। भदौरिया ने बताया कि जेल में बंद दीपक कबीर, एसआर दारापुरी, शोएब, राबिन वर्मा व पवन अंबेडकर का दावा है कि हिंसक आंदोलन से उनका कोई संबंध नहीं है। इसके बावजूद उनका उत्पीड़न हो रहा है। 2.6 करोड़ रुपये की सार्वजनिक संपत्ति का हर्जाना भरने की नोटिस भी दी गई है।
गोली का शिकार युवक के घरवालों से मिले अखिलेश
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने 19 दिसंबर को लखनऊ में हुए उपद्रव में गोली का शिकार हुए ठाकुरगंज के दौलतगंज निवासी मुहम्मद वकील के घरवालों से मुलाकात की। उन्होंने दो लाख रुपये की आर्थिक मदद दी और पांच लाख और देने का वादा किया। अखिलेश ने वकील के पिता सरफुद्दीन और पत्नी शबीना से कहा कि उनकी पार्टी कानूनी लड़ाई में पीड़ित परिवार के साथ है। अखिलेश यहां करीब 20 मिनट रुके और पीड़ित परिवार का हाल जाना।
उप्र में पुलिस की गोली का शिकार हुए मृतक मोहम्मद वकील के परिजनों का दुख-दर्द बांटकर व परिवार को 5 लाख की आर्थिक सहायता देकर हमने मदद के हाथ बढ़ाये हैं और हमेशा बढ़ाते रहेंगे. pic.twitter.com/44xYm0Dfje— Akhilesh Yadav (@yadavakhilesh) January 5, 2020
मेरठ जाएंगे नेता विरोधी दल
मुख्य प्रवक्ता राजेंद्र चौधरी ने बताया कि मेरठ में प्रदर्शन के दौरान जिन लोगों की जानें चली गईं, उनके पीडि़त परिवारों से सोमवार यानी छह जनवरी को सपा का प्रतिनिधिमंडल भेंट करेगा। प्रतिनिधिमंडल में नेता प्रतिपक्ष रामगोविंद चौधरी, सांसद जावेद अली खां, शाहिद मंजूर, जितेंद्र यादव, रफीक अंसारी, आकिल मुर्तजा, गुलाम मुहम्मद, गोपाल अग्रवाल व अतुल प्रधान शामिल होंगे।