धर्मशाला में जुटेंगे देश भर के भाजयुमो नेता, नड्डा भी आएंगे
भारतीय जनता युवा मोर्चा का राष्ट्रीय स्तरीय अभ्यास वर्ग 13 मई से धर्मशाला में होगा। तीन दिवसीय अभ्यास वर्ग धर्मशाला के साथ लगते शिला के एक होटल में होगा। 16 सत्रों में होने वाले अभ्यास वर्ग का शुभारंभ भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा करेंगे।
धर्मशाला, जागरण संवाददाता। भारतीय जनता युवा मोर्चा का राष्ट्रीय स्तरीय अभ्यास वर्ग 13 मई से धर्मशाला में होगा। यहां देश भर के भाजयुमो के नेता जुटेंगे। तीन दिवसीय अभ्यास वर्ग धर्मशाला के साथ लगते शिला के एक होटल में होगा। 16 सत्रों में होने वाले अभ्यास वर्ग का शुभारंभ भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा करेंगे। इसके अलावा भारतीय क्रिकेट टीम में दीवार के नाम से विख्यात क्रिकेटर राहुल द्रविड़ धर्मशाला आएंगे। इस दौरान उनके साथ पहलवान बबीता फोगाट भी मौजूद रहेंगी। वहीं भाजयुमो के राष्ट्रीय अध्यक्ष तेजस्वी सूर्या विशेष रूप से उपस्थित रहेंगे। 15 को समापन समारोह राष्ट्रीय संगठन मंत्री बीएल संतोष करेंगे। इस शिविर में भाजयुमो नेताओं को टिप्स दिए जाएंगे। संगठन की मजबूती के साथ ही भविष्य की चुपनौतियों से निपटने पर भी चर्चा होगी।
रविवार को धर्मशाला में पत्रकारों से बातचीत में भाजयुमो के प्रदेश अध्यक्ष अमित ठाकुर ने बताया कि यह अभ्यास वर्ग 13 मई को धर्मशाला में शुरू होगा। इसका शुभारंभ भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा करेंगे, जबकि उनके साथ कई राष्ट्रीय स्तर के नेता भी मौजूद रहेंगे। वहीं मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर भी इन अभ्यास वर्ग का हिस्सा होंगे। उन्होंने बताया कि अभ्यास वर्ग में देश भर 139 प्रतिनिधि अपनी उपस्थिति दर्ज करवाएंगे। यह कार्यक्रम लगातार तीन दिन तक चलेगा। उन्होंने बताया कि इस सत्र के भाजयुमो के राष्ट्रीय पदाधिकारी, कार्यकारिणी सदस्यों के अलावा हर राज्यों के प्रदेशाध्यक्ष व महामंत्री भी शामिल होंगे।