केंद्र और उत्तर प्रदेश सरकार के बजट की अच्छी बातें आम जनता तक पहुंचाएंगे भाजपाई
बजट की अच्छी बातें बताने के लिए भाजपा कार्यकर्ता जनता के बीच जाएंगे। इसके लिए कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षित करने के लिए बुधवार को कार्यशाला आयोजित की जाएगी।
लखनऊ, जेएनएन। केंद्र और उत्तर प्रदेश सरकार के बजट की अच्छी बातें बताने के लिए भाजपा कार्यकर्ता जनता के बीच जाएंगे। इसके लिए कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षित करने के लिए बुधवार (26 फरवरी, 2020) को पार्टी के उत्तर प्रदेश मुख्यालय में कार्यशाला आयोजित की जाएगी।
प्रदेश मंत्री अनूप गुप्ता ने बताया कि इस कार्यशाला में मुख्य अतिथि राष्ट्रीय महामंत्री अरुण सिंह होंगे। प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह अध्यक्षता करेंगे। उन्होंने बताया कि देश और प्रदेश की अर्थव्यवस्था की नींव को मजबूत करने तथा प्रत्येक नागरिक को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के लिए बजट के प्रावधानों को कार्यशाला में रखा जायेगा।
मोदी व योगी सरकार के जनकल्याणकारी बजट की जानकारी आमजन तक पहुंचाने के लिए स्थानीय स्तर पर बैठकें होंगी। इस के लिए बजट कार्यशाला में प्रदेश के सभी 6 क्षेत्रों के प्रमुख कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षित किया जाएगा। इस प्रदेश कार्यशाला के बाद सभी जिलों में 10 मार्च तक कार्यशालाएं आयोजित की जायेगी।
प्रदेश कार्यशाला में प्रशिक्षित कार्यकर्ता जिले में आयोजित होने वाली गोष्ठियों के माध्यम से व्यवसायिक, व्यापारी संगठनों व प्रबुद्ध वर्ग के बीच बजट से संबंधित जानकारियों को लेकर पहुंचेंगे। अर्थव्यवस्था मजबूत करने के लिए सबका साथ-सबका विकास व सबका विश्वास के संकल्प पर काम होगा। आम बजट की जानकारी लेकर पार्टी गांव, गरीब, किसान, नौजवान, महिला, दलित, वंचित, शोषित की दहलीज पर पहुंचेगी।