भाजपा प्रवक्ता ने कहा, CAA व NRC को लेकर भ्रम फैला रहा विपक्ष Gorakhpur News
UP BJP के प्रदेश प्रवक्ता डा. समीर सिंह ने कहा कि CAA व NRC को लेकर विपक्ष भ्रम फैला रहा है।
देवरिया, जेएनएन। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता डा. समीर सिंह ने कहा कि नागरिकता संशोधन कानून का उद्देश्य धर्म के आधार पर पाकिस्तान, अफगानिस्तान व बांग्लादेश के प्रताडि़त अल्पसंख्यकों हिंदू, सिख, बौद्ध पारसी व जैन को संरक्षित, सुरक्षित व उनके जीवन को बेहतर बनाने का प्रावधान है। सीएए व एनआरसी के बहाने विपक्ष भ्रम फैला रहा है।
पीएम और गृह मंत्री स्थिति कर चुके हैं स्पष्ट
वह देवरिया में मीडिया से रूबरू थे। उन्होंने कहा कि देश में कांग्रेस, सपा, बसपा व वामपंथी संगठनों द्वारा अफवाह फैलाकर मुस्लिमों में डर का माहौल पैदा किया जा रहा है। देश का संविधान, प्रधानमंत्री, गृह मंत्री ने स्पष्ट शब्दों में कहा है कि अनुच्छेद 10 में प्रावधान है जो भारत का नागरिक है वह हमेशा नागरिक रहेगा। महात्मा गांधी ने 1947 में कहा था कि पाकिस्तान में रहने वाले हिंदू व सिख हर नजरिए से भारत आ सकते हैं। अगर वे पाकिस्तान में निवास नहीं करना चाहते हैं तो उन्हें नौकरी देना और जीवन को सामान्य बनाना भारत सरकार का कर्तव्य है।
वोट बैंक की राजनीति कर रहा है विपक्ष
आज के कांग्रेस के नेता राहुल, प्रियंका जो गांधी नाम तो अपने नाम के आगे लगाते हैं लेकिन महात्मा गांधी के विचारों के विपरीत देश को तोडऩे में लगे हैं। सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव हताशा के दौर से गुजर रहे हैं। सपा, बसपा, कांग्रेस ने मुस्लिमों को वोट बैंक समझा और झूठ बोल कर उनका वोट लिया। भाजपा सरकार ने बिना भेद भाव के कार्य किया जिसका लाभ मुस्लिम भाई बहनों को भी मिला। प्रदेश के एक लाख गांवों तक 50 लाख से अधिक परिवारों तक भाजपा कार्यकर्ता पहुंचेंगे और सीएए के संबंध में फैलाए जा रहे भ्रम को दूर करेंगे।