दिल्ली में एंटी रोमियो स्क्वाड: भाजपा की डिमांड पर आप और कांग्रेस ने चेताया, कहीं ये बातें
उत्तर प्रदेश में एंटी रोमियो स्क्वॉड शुरू करने की दिल्ली प्रदेश भाजपा अध्यक्ष मनोज तिवारी ने सराहना की है। उन्होंने दिल्ली में भी इसे लागू करने की मांग की है।
नई दिल्ली, जेएनएन। उत्तर प्रदेश में एंटी रोमियो स्क्वाड शुरू करने की दिल्ली प्रदेश भाजपा अध्यक्ष मनोज तिवारी ने सराहना की है। उन्होंने दिल्ली में भी इसे लागू करने की मांग की है। वहीं, आम आदमी पार्टी (आप) और कांग्रेस ने इसकी निंदा की है। दोनों पार्टियों के नेताओं का कहना है कि दिल्ली में इसे किसी भी सूरत में लागू नहीं होने दिया जाएगा।
मनोज तिवारी ने कहा कि एंटी रोमियो स्क्वाड का उत्तर प्रदेश में दोबारा से शुरू होना बहुत अच्छी बात है। यह महिलाओं की सुरक्षा से जुड़ा हुआ मसला है, इसलिए इसका स्वागत किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि दिल्ली में मेट्रो व बस से सफर करने वाली लड़कियों व महिलाओं के साथ छेड़छाड़ की घटनाएं होती रहती हैं।
सड़कों पर भी महिलाओं के खिलाफ कई तरह के अपराध हो रहे हैं। इसे रोकने के लिए विशेष स्क्वाड बनाने की जरूरत है। पुलिस सादी वर्दी में जगह-जगह तैनात हो और महिलाओं के साथ अपराध करने वालों के खिलाफ कार्रवाई करे। महिलाओं की सुरक्षा के लिए दिल्ली में भी एंटी रोमियो स्क्वाड की जरूरत है।
तिवारी के इस बयान की आप के नेता व राज्यसभा सदस्य संजय सिंह ने निंदा की है। उन्होंने कहा कि भाजपा नेताओं का मानसिक संतुलन बिगड़ गया है। उत्तर प्रदेश में भाई-बहन, बाप-बेटी और पति-पत्नी को भी प्रताड़ित करने के मामले सामने आ चुके हैं।
भाजपा देश की राजधानी को गुंडागर्दी का अड्डा बनाना चाहती है। दिल्ली पुलिस की नाकामी को छिपाने के लिए इस तरह की बात की जा रही है। दिल्ली में इसे लागू नहीं होने देंगे। उन्होंने कहा कि राजधानी में महिला सुरक्षा के लिए आप सरकार सीसीटीवी कैमरे लगवा रही है, मेट्रो में मुफ्त सफर का प्रस्ताव है जिसमें भाजपा सहयोग नहीं कर रही है।
प्रदेश कांग्रेस के प्रवक्ता जितेंद्र कोचर ने भी इसका विरोध किया है। उनका कहना है कि इस स्क्वाड के नाम पर उत्तर प्रदेश में लोगों के साथ अत्याचार देखने को मिला है। कोई भी लड़का-लड़की को साथ देखकर मारपीट की गई। यह भी नहीं पूछा गया कि वे भाई-बहन तो नहीं हैं। दिल्ली में यह स्थिति नहीं आने दी जाएगी। महिला सुरक्षा के लिए और भी बहुत से कदम उठाए जा सकते हैं।