यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Sep 06, 2020 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
शांता कुमार ने उद्धव ठाकरे को पत्र लिखकर कंगना काे सुरक्षा देने की उठाई मांग, अभिनेत्री के परिवार से की बात
Kangana Ranaut पूर्व मुख्यमंत्री शांता कुमार ने महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्वव ठाकरे को पत्र लिखकर कंगना रणौत की सुरक्षा पर बेहद चिंता प्रकट की है।

पालमपुर, जेएनएन। भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व मुख्यमंत्री शांता कुमार ने महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्वव ठाकरे को पत्र लिखकर कंगना रणौत की सुरक्षा पर बेहद चिंता प्रकट की है। उन्होंने लिखा है कि फिल्म जगत मेें हिमाचल प्रदेश की इस बहादुर लड़की ने ही राष्ट्रवाद का बड़े साहस से समर्थन करते हुए कहा था - 'हां है मेरा एजेंडा राष्ट्रवाद-राष्ट्रवाद-राष्ट्रवाद।' उन्होंने कहा कि शिव सेना एक मात्र ऐसी पार्टी है, जो भाजपा के बाद राष्ट्रवाद का समर्थन करती है। इस दृष्टि से कंगना रणौत को शिव सेना की ओर से बहुत अधिक सहयोग मिलना चाहिए।
उन्होंने कहा सुशांत राजपूत की मौत और उसके बाद उजागर होते तथ्यों से पूरा देश सहम गया है। मुंबई के सिनेमा जगत में और भी बहुत कुछ ऐसा होता रहता है, जिस पर बड़े साहस के साथ कंगना रणौत ने अपनी बात कही है। उन्हाेंने कहा आजाद भारत में हर नागरिक को अपनी बात कहने का संवैधानिक अधिकार है।
शांता कुमार ने कहा कि कंगना रणौत की कुछ टिप्पणियों पर शिव सेवा के नेताओं की अाेर से धमकियां दी जा रहीं हैं। इससे कंगना रणौत का पूरा परिवार और पूरे हिमाचल प्रदेश में बहुत अधिक चिंता प्रकट की जा रही है। मुख्यमंत्री के नाते उद्वव ठाकरे काे कंगना रणौत को पूरी सुरक्षा देना और शिव सेवा के नेताओं को रोकने का पूरा अधिकार है।
उन्होंने कहा लोकसभा के पूर्व अध्यक्ष मनोहर जोशी उनके पुराने परिचित हैं। उन्हें भी पत्र लिखकर कंगना रणौत को मुंबई में पूरी सुरक्षा देने का आग्रह किया गया है। उन्हाेंने कंगना रणौत और उनके स्वजनाें से भी फोन पर विस्तृत बात की है और उन्हें विशेषकर कंगना रणाैत काे अब इस विवाद में अधिक न उलझने की सलाह दी।
