Move to Jagran APP

भाजपा के कार्यकारी अध्यक्ष जेपी नड्डा ने कहा, चुनाव परिणाम ने जातिवाद के ताबूत में ठोंकी आखिरी कील

भाजपा के कार्यकारी अध्यक्ष बनने और लोकसभा चुनाव परिणाम के बाद शुक्रवार को पहली बार लखनऊ आये जेपी नड्डा ने कहा कि पार्टी सर्वोच्च उत्कर्ष पर है।

By Umesh TiwariEdited By: Published: Fri, 05 Jul 2019 09:44 PM (IST)Updated: Sat, 06 Jul 2019 12:06 AM (IST)
भाजपा के कार्यकारी अध्यक्ष जेपी नड्डा ने कहा, चुनाव परिणाम ने जातिवाद के ताबूत में ठोंकी आखिरी कील

लखनऊ, जेएनएन। भाजपा के कार्यकारी अध्यक्ष जेपी नड्डा ने कहा है कि 'मुझसे मिलने को आपने पसीने बहाये, धक्का-मुक्की सही, लेकिन जो प्यार दिया वह कभी भूलने वाला नहीं हूं।' वह भावनाओं के चरम पर थे और उत्तर प्रदेश में सहयोगियों समेत 64 सीटें जीतने का गर्व भी उनके उद्बोधन में झलक रहा था। नड्डा ने कहा 'लोकसभा चुनाव में प्रभारी बनकर आया तो यहां के बारे में सीमित जानकारी थी, लेकिन कभी लगा ही नहीं कि उप्र के बाहर का हूं। यहां जातिगत समीकरण बना था, लेकिन चुनाव परिणाम ने जातिवाद और वंशवाद की ताबूत में आखिरी कील ठोंक दी।' 

loksabha election banner

भाजपा मुख्यालय के सभागार में कार्यकारी अध्यक्ष बनने और लोकसभा चुनाव परिणाम के बाद शुक्रवार को पहली बार आये नड्डा ने कहा कि पार्टी सर्वोच्च उत्कर्ष पर है, लेकिन अमित शाह कहते हैं कि अभी सर्वोच्च देखना बाकी है। इसके लिए आपके साथ मिलकर काम करूंगा। कार्यकर्ताओं को उत्साहित किया और बोले, आप आत्मचिंतन करिये कि कहीं अकेले तो नहीं हैं। कार्यकर्ता भाव से हजारों को जोड़िये और नेतृत्व का भरोसा लेकर नेतृत्व की ओर बढ़िये।

उन्होंने कहा कि शनिवार से सदस्यता अभियान के रूप में संगठन पर्व शुरू हो रहा है। देश में 11 करोड़ सदस्य से 20 करोड़ बनाने का लक्ष्य है। आप इसके लिए पूरी ताकत से लगें। मंच पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष व केंद्रीय मंत्री डॉ. महेंद्र नाथ पांडेय, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य व डॉ. दिनेश शर्मा, कृषि मंत्री सूर्यप्रताप शाही व सांसद रीता बहुगुणा जोशी समेत संगठन और सरकार के प्रमुख लोग मौजूद थे और सभागार में अगली कतार में मंत्री, विधायक, सांसद व पदाधिकारी समेत कार्यकर्ताओं की बड़ी भीड़ थी। कार्यक्रम का संचालन प्रदेश महामंत्री विजय बहादुर पाठक ने किया। एयरपोर्ट से भाजपा मुख्यालय तक ढोल-नगाड़ों, बैंड बजाते और फूल बरसाते हुए जगह-जगह नड्डा का कार्यकर्ताओं ने स्वागत किया।

नड्डा जीत के कुशल शिल्पी : पाण्डेय

भाजपा में पूरे देश भर में सबसे महत्वपूर्ण जीत उत्तर प्रदेश और पश्चिम बंगाल की है। नड्डा प्रदेश की ऐतिहासिक जीत के कुशल शिल्पी हैं। मोदी, अमित शाह के कामकाज की सराहना करते हुए डॉ. पांडेय ने कहा कि आज पूरे देश में मोदी, शाह और नड्डा की त्रयी का नाम है और अब भाजपा का स्वर्ण युग आयेगा।

नड्डा ने दुनियाभर में किया चमत्कार : योगी

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि लोकसभा चुनाव में यशस्वी नेतृत्व का परिचय देकर नड्डा ने पूरी दुनिया के सामने चमत्कार कर दिया। यह गौरव की बात है कि भाजपा ने एक सामान्य कार्यकर्ता को कार्यकारी अध्यक्ष बना दिया। योगी ने कहा कि राजनीति में नड्डा निष्ठा, विचार और धैर्य के साथ काम करने के उदाहरण हैं।

उपचुनाव और सदस्यता अभियान की कसौटी पर होगी परख

भाजपा के सामने उत्तर प्रदेश में दो बड़ी चुनौतियां हैं। अव्वल तो 12 विधानसभा सीटों पर होने वाला उप चुनाव और दूसरा सदस्यता अभियान। इन्हीं दोनों कसौटी पर फिलहाल उत्तर प्रदेश की परख होनी है। पार्टी के कार्यकारी अध्यक्ष जेपी नड्डा ने इन दोनों बिंदुओं पर प्रदेश संगठन और सरकार की जवाबदेही तय की। लगे हाथ उन्होंने सचेत भी किया कि मध्यप्रदेश के विधायक आकाश विजयवर्गीय की तरह पार्टी का कोई सांसद-विधायक और पदाधिकारी आचरण-व्यवहार न करे।

मोदी का संदेश, कोई भी संगठन की मर्यादा न तोड़े

भाजपा मुख्यालय में जेपी नड्डा ने प्रदेश पदाधिकारियों और कोर ग्रुप की अलग-अलग बैठक की। नड्डा ने संगठन और सरकार को आगाह किया कि मोदी का संदेश है कि कोई भी संगठन की मर्यादा न तोड़े। बैठक में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, प्रदेश अध्यक्ष व केंद्रीय मंत्री डॉ. महेंद्र नाथ पांडेय, उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य व डॉ. दिनेश शर्मा, प्रदेश महामंत्री संगठन सुनील बंसल समेत कई प्रमुख लोग मौजूद थे। नड्डा ने सदस्यता अभियान के लिए कहा, हमारा जो लक्ष्य है उसमें उप्र की महत्वपूर्ण भूमिका है। इसीलिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी वाराणसी से इसकी शुरुआत कर रहे हैं।

उपचुनाव में बेहतर परिणाम मिलने चाहिए

जेपी नड्डा ने कहा कि सपा-बसपा टूटने से परिस्थितियां अनुकूल हैं तो उपचुनाव में और भी बेहतर परिणाम मिलने चाहिए। एक भी सीट विपक्ष के हिस्से में नहीं जानी चाहिए। जिन मंत्री और पदाधिकारियों को जिम्मेदारी दी गई है वह उसे पूरी तन्मयता से निभाएं। नड्डा ने सांसदों-विधायकों के बीच सामंजस्य के साथ ही संगठन और सरकार में भी तालमेल पर जोर दिया। मोदी-योगी सरकार की लाभकारी योजनाओं के पात्रों से संवाद बनाये रखने का मंत्र दिया। उन्होंने हर जिले से फीडबैक लेने की भी सलाह दी। कोर ग्रुप की बैठक में नड्डा ने मंत्रिमंडल विस्तार और उम्मीदवारों पर भी चर्चा की। हालांकि इस पर निर्णायक विमर्श दिल्ली में होगा।

विधानसभा और जिला स्तर पर प्रशिक्षित किये जाएंगे कार्यकर्ता

भाजपा ने विधानसभा और जिला स्तर पर प्रशिक्षण शिविर आयोजित किये जाने का फैसला किया है। विधान सभा स्तर पर 25 से 31 जुलाई के बीच विस्तारक योजना के तहत प्रशिक्षण शिविर आयोजित होंगे, जबकि जिले स्तर पर आयोजित प्रशिक्षण शिविर में संगठन को गतिशील बनाने के लिए कार्यकर्ताओं को हुनरमंद बनाया जाएगा।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.