Rajya Sabha Election 2020: हिमाचल से राज्यसभा चुनाव के लिए भाजपा प्रत्याशी इंदु गोस्वामी ने भरा नामांकन
Rajya Sabha election. इंदु गोस्वामी ने मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल और मंत्रियों की मौजूदगी में नामांकन पत्र भरा।
कांगड़ा, जेएनएन। Rajya Sabha election 2020. हिमाचल प्रदेश से राज्यसभा सीट के लिए भाजपा नेत्री इंदु गोस्वामी ने शुक्रवार को नामांकन दाखिल किया। राज्यसभा की सीट कांगड़ा से कांग्रेस नेत्री विप्लव ठाकुर का कार्यकाल पूरा होने पर खाली हुई है।
इंदु गोस्वामी ने मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल और मंत्रियों की मौजूदगी में नामांकन पत्र भरा। उन्होंने विधानसभा सचिव यशपाल शर्मा को नामांकन पत्र सौंपा। इस दौरान संसदीय कार्य मंत्री सुरेश भारद्वाज सहित कई भाजपा कार्यकर्ता भी मौजूद थे। विधानसभा परिसर में भाजपा कार्यकर्ताओं की भीड़ उमड़ी। नामांकन पत्र दाखिल करने के बाद इंदु गोस्वामी कार्यकर्ताओं के बीच पहुंचीं।
कई भाजपा कार्यकर्ताओं ने इंदु गोस्वामी को पुष्पगुच्छ देकर बधाई दी। विधानसभा परिसर में इंदु गोस्वामी की ओर से राज्यसभा के लिए नामांकन पत्र दाखिल करने के बाद कार्यकर्ताओं ने ढोल नगाड़ों के बीच जश्न मनाया। कांग्रेस की ओर से राज्यसभा सीट के लिए प्रत्याशी मैदान में नहीं उतारा जाएगा। विपक्षी कांग्रेस की ओर से कहा जा रहा है कि महिला को टिकट दिए जाने की कांग्रेस पक्षधर है। कांग्रेस राज्यसभा चुनाव के लिए किसी प्रत्याशी को नहीं उतारेगी।
वहीं, नामांकन भरने के बाद इंदु गोस्वामी की दिल्ली की राह साफ हो गई है। पिछले साल जुलाई में इंदु गोस्वामी ने प्रदेश महिला मोर्चा अध्यक्ष पद से इस्तीफा देने के बाद संगठन में खलबली मचा दी थी। इसके बाद करीब छह माह तक इंदु खामोश रहीं लेकिन दिल्ली में पैठ के कारण वहां सारी वस्तुस्थिति से अवगत करवाती रहीं। जिला कांगड़ा के पपरोला कस्बे की निवासी इंदु गोस्वामी ने 1988 में भाजपा से राजनीतिक सफर शुरू किया था।
भाजपा युवा मोर्चा के उपप्रधान पद पर रहते हुए इंदु गोस्वामी ने उस दौरान भाजपा नेता एवं वर्तमान में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ काम किया था। प्रेम कुमार धूमल की सरकार बनने पर इंदु को महिला आयोग की अध्यक्ष बनाया गया था। 2013 से 2016 के दौरान प्रदेश सचिव का जिम्मा सौंपा था। 2017 में भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष का दायित्व मिलने के बाद एक वर्ष में रिकॉर्ड तीन लाख से अधिक महिलाओं को पार्टी से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी।
Himachal weather Update : मार्च में एक बार फिर बर्फ से ढके पहाड़, दो गुना बढ़ी दिक्कतें