शिवराज सरकार किसानों को बीस दिन में बांटेगी 1200 करोड़ रुपये
बाजार में फसलों के भाव कम होने के कारण किसानों को नुकसान से बचाने के लिए सरकार ने प्रोत्साहन राशि देने का फैसला किया था।
नई दुनिया, भोपाल। मध्य प्रदेश में विधानसभा चुनाव की आचार संहिता लागू होने से पहले प्रदेश सरकार किसानों के खातों में करीब एक हजार 200 करोड़ रुपये जमा कराएगी। इसकी शुरुआत मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान मंदसौर और नीमच से करेंगे। राशि सीधे किसानों के खातों में जमा होगी। सर्वाधिक 825 करोड़ रुपये प्याज और लहसुन उत्पादक किसानों के हिस्से में आएंगे।
बताया जा रहा है कि सितंबर समाप्त होने से पहले राशि बांटने का लक्ष्य रखा गया है, क्योंकि अक्टूबर के पहले सप्ताह में विधानसभा चुनाव की आचार संहिता लागू होने की संभावना है। ऐसे में सरकार के पास राशि वितरण के लिए करीब 20 दिन का समय रहेगा।
बाजार में फसलों के भाव कम होने के कारण किसानों को नुकसान से बचाने के लिए सरकार ने प्रोत्साहन राशि देने का फैसला किया था। इसके तहत प्याज पर प्रति क्विंटल चार सौ और लहसुन पर आठ सौ रुपये की राशि तय की गई। करीब दो लाख किसानों ने मंडियों में प्याज और लहसुन बेचा।
इसी तरह चना, मसूर और सरसों पर 100 रुपये प्रति क्विंटल के हिसाब से प्रोत्साहन राशि दी जानी है। गर्मी की मूंग पर आठ सौ रुपये प्रति क्विंटल प्रोत्साहन राशि देने का फैसला लिया गया है। उड़द की दरें तय होना बाकी है। कृषि विभाग के अधिकारियों का कहना है कि 20 लाख किसानों ने चना, सरसों और मसूर बेची है। इसी तरह एक लाख से ज्यादा किसानों ने मूंग और उड़द का विक्रय किया।
सूत्रों के मुताबिक सरकार की मंशा है कि आचार संहिता लागू होने से पहले किसानों को यह राशि एक कार्यक्रम आयोजित कर दी जाए। इसकी शुरुआत मंदसौर और नीमच से करने की तैयारी है। हालांकि, अभी कार्यक्रम की तारीख को अंतिम रूप नहीं दिया जा सका है।
दरअसल, मालवा क्षेत्र में किसान ज्यादा मुखर हैं। मंदसौर में किसान आंदोलन भी हो चुका है। कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने मध्य प्रदेश में चुनावी अभियान की शुरुआत भी मंदसौर क्षेत्र में ही रैली कर की है। यही वजह है कि प्रोत्साहन राशि बांटने की शुरुआत मंदसौर व नीमच से करने की रणनीति बनाई गई है। इसके बाद चार-पांच कार्यक्रम और होंगे।
किस फसल में कितनी बंटेगी प्रोत्साहन राशि
प्याज व लहसुन- 825 करोड़ रुपये
चना, मसूर और सरसों- 200 करोड़ रुपये
मूंग और उड़द-150 करोड़ रुपये