अयोध्या मुद्दे के दो ध्रुवों मुलायम सिंह और कल्याण सिंह से मिले योगी आदित्यनाथ
अयोध्या मुद्दे पर मुलायम सिंह यादव और कल्याण सिंह दो ध्रुव रहे हैं। राम मंदिर पर सुप्रीम कोर्ट का फैसला आने से पहले दोनों दिग्गजों से योगी की इस मुलाकात से सियासी हलचल बढ़ गई है।
लखनऊ, जेएनएन। अयोध्या की विवादित भूमि के सुप्रीम कोर्ट के फैसले के इंतजार के बीच मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बुधवार को सपा संरक्षक व पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव और पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह को दीपावली की शुभकामना देने गए थे। इसके बाद कई राजनीतिक निहितार्थ निकाले गए।
अयोध्या मुद्दे पर मुलायम सिंह यादव और कल्याण सिंह दो ध्रुव रहे हैं। राम मंदिर पर सुप्रीम कोर्ट का फैसला आने से पहले दोनों दिग्गजों से योगी की इस मुलाकात से सियासी हलचल बढ़ गई है। योगी आदित्यनाथ बुधवार की सुबह जब मुलायम सिंह यादव के विक्रमादित्य मार्ग स्थित आवास पर मिलने पहुंचे तो पुरानी यादें ताजा हो गईं। योगी आदित्यनाथ लोकसभा चुनाव के बाद भी मुलायम सिंह यादव से मिलने गये थे। तब योगी आदित्यनाथ के स्वागत में मुलायम सिंह के पुत्र, सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव और भाई शिवपाल सिंह यादव समेत पूरा परिवार मौजूद था। इस बार अखिलेश यादव नहीं थे। अखिलेश यादव की नामौजूदगी ने सवाल खड़े किये। दरअसल, अखिलेश यादव अब भाजपा पर आक्रामक हैं और वह किसी भी हाल में मोर्चे पर जमे रहना चाहते हैं। हाल के विधानसभा उप चुनाव के नतीजों ने भी अखिलेश यादव का उत्साह बढ़ाया है।
दूसरी ओर प्रगतिशील समाजवादी पार्टी के मुखिया शिवपाल सिंह यादव पर योगी आदित्यनाथ सरकार मेहरबान भी रही है। उनको पूर्व मुख्यमंत्री मायावती का बंगला आवंटित करने के साथ ही उनके आइएएस दामाद की उत्तर प्रदेश में प्रतिनियुक्ति की अवधि बढ़ाए जाने जैसे कुछ मामले हैं। जिनके हवाले से अखिलेश यादव भाजपा से शिवपाल की करीबी का दावा करते हैं। अपना विरोधी चेहरा बनाये रखने के लिए भी अखिलेश यादव ने सीएम योगी आदित्यनाथ से दूरी बनाई। इस दौरान मुख्यमंत्री ने मुलायम सिंह यादव की कुशलक्षेम पूछी। करीब 25 मिनट तक उनके आवास पर रहे मुख्यमंत्री ने इस बात पर जोर दिया कि राजनीतिक प्रतिद्वंद्विता आपसी व्यवहार में नहीं आनी चाहिए।
योगी आदित्यनाथ कल मुलायम सिंह यादव से मिलने के बाद माल एवेन्यू स्थित राज्यमंत्री संदीप सिंह के आवास पर पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह से मिलने पहुंचे। इस दौरान उन्होंने कल्याण सिंह ने मुलाकात की और कुशलक्षेम पूछा। इस मौके पर कल्याण सिंह के पुत्र और एटा के भाजपा सांसद राजवीर सिंह राजू भैया भी मौजूद थे। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मुलायम सिंह व कल्याण सिंह को कुंभ 2019 से संबंधित पुस्तक व मिठाई भेंट की।
उल्लेखनीय है कि नवंबर-दिसंबर का महीना अयोध्या के लिए हमेशा महत्वपूर्ण रहा है। कल्याण सिंह की सरकार में अयोध्या में विवादित ढांचा ध्वंस हुआ था जबकि मुलायम सिंह की सरकार में कारसेवकों पर गोली चली थी।