छत्तीसगढ़ में करिश्माई प्रदर्शन के लिए केजरीवाल के नक्शे कदम पर जोगी
जोगी की तमन्ना है कि जिस तरह से दिल्ली में आम आदमी पार्टी ने करिश्माई प्रदर्शन किया था, उसी तरह से छत्तीसगढ़ में जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ का प्रदर्शन हो।
नई दुनिया, रायपुर। आम आदमी पार्टी (आप) के संयोजक और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को पूरी तरह से जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ के अध्यक्ष अजीत जोगी कॉपी कर रहे हैं। वह चाहे डिनर पार्टी का मामला हो या फिर खुद चुनाव लड़ने का। जोगी की तमन्ना है कि जिस तरह से दिल्ली में आम आदमी पार्टी ने करिश्माई प्रदर्शन किया था, उसी तरह से छत्तीसगढ़ में जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ का प्रदर्शन हो।
दिल्ली में पार्टी के लिए फंड जुटाने के लिए अरविंद केजरीवाल ने डिनर पार्टी आयोजित करके चंदा लिया था। अजीत जोगी भी यही कर रहे हैं। फर्क केवल इतना है कि केजरीवाल ने केवल एक पार्टी रखी थी, जोगी चुनाव तक डिनर पार्टी रखेंगे। वहीं जिस तरह से केजरीवाल ने दिल्ली की तत्कालीन मुख्यमंत्री शीला दीक्षित के खिलाफ चुनाव लड़कर पूरे देश में माहौल बनाया था। उसी तरह जोगी भी मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह के खिलाफ राजनांदगांव से चुनाव लड़कर देश में सुर्खियां बटोरने की कोशिश करेंगे।
अन्ना जैसा आंदोलन नहीं कर पाए
केजरीवाल को सामाजिक कार्यकर्ता अन्ना हजारे के आंदोलन के कारण फेम मिला था। भ्रष्टाचार को ही मुद्दा बनाकर केजरीवाल दिल्ली में सरकार बनाई थी। केवल केजरीवाल के फार्मूले के बूते जोगी के लिए सरकार बनाना बड़ी चुनौती रहेगी, क्योंकि अभी तक जोगी छत्तीसगढ़ में अन्ना हजारे की तरह कोई बड़ा या जनता पर व्यापक प्रभाव छोड़ने वाला आंदोलन नहीं कर पाए हैं।
वहीं मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने कहा कि ये लोकतंत्र है, देश में कहीं से भी कोई चुनाव लड़ सकता है। जोगी मेरे खिलाफ चुनाव लड़ रहे हैं, ये अच्छी बात है। कोई दिक्कत नहीं। सबका स्वागत है। कांग्रेस के संचार विभाग के अध्यक्ष शैलेश नितिन त्रिवेदी का कहना है कि जोगी बहुत बार बहुत से स्थानों से चुनाव लड़ने की घोषणा करते रहते हैं। पहले सीतापुर और कसडोल से लड़ने की बात कह चुके हैं। इसमें कुछ नया नहीं है। उनकी घोषणाओं को अब कोई गंभीरता से नहीं लेता। राजनांदगांव से चुनाव लड़ने की घोषणा का स्वरूप राजनैतिक नहीं, आर्थिक है।