किसानों का कर्ज माफ नहीं किया तो ले लूंगा राजनीति से संन्यास : कुमारस्वामी
कर्नाटक के मुख्यमंत्री एचडी कुमारस्वामी ने सोमवार को साफ किया कि वह किसानों का कर्ज माफ करने के लिए प्रतिबद्ध हैं।
नई दिल्ली। कर्नाटक के मुख्यमंत्री एचडी कुमारस्वामी ने सोमवार को साफ किया कि वह किसानों का कर्ज माफ करने के लिए प्रतिबद्ध हैं। ऐसा नहीं कर पाने पर वह राजनीति से संन्यास ले लेंगे। उन्होंने कहा कि वह किसानों की कर्ज माफी के लिए गाइडलाइन के साथ तैयार हैं। इस बारे में बुधवार को विस्तृत जानकारी साझा की जाएगी।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मिलने के बाद कुमारस्वामी ने साफ कहा- "मैं किसानों का कर्ज माफ करूंगा। मैंने चुनाव के दौरान वादा किया था कि 24 घंटे के अंदर ही यह काम करूंगा। यह सच है। कम से कम मुझे सांस लेने का मौका तो दें। आज मेरी सीमाएं सीमित हैं। अगर मैं ऐसा नहीं करता हूं तो मैं राजनीति से संन्यास ले लूंगा और मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे दूंगा। आप कुछ समय के लिए इंतजार क्यों नहीं कर रहे हैं।"
कुमारस्वामी ने कहा कि उन्होंने इस मसले पर बीएस येदियुरप्पा समेत कई भाजपा नेताओं के बयान सुने हैं। उन्होंने कहा- "मैं चुपचाप नहीं बैठा हूं। मैं येदियुरप्पा नहीं हूं जो चुपचाप बैठा रहूं।" उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा उनके खिलाफ साजिश कर रही है। मुख्यमंत्री ने लोगों से आग्रह किया कि वे इस साजिश में न फंसें। उनकी सरकार आम जनता के लिए ही है।
भाजपा समर्थित कर्नाटक बंद का असर नहीं
किसानों की कर्ज माफी का वादा पूरा करने में कुमारस्वामी की कथित विफलता के विरोध में राज्य में विपक्षी दल भाजपा ने सोमवार को किसानों और अन्य लोगों से बंद रखने का आह्वान किया था। लेकिन बंद कहीं भी प्रभावी नहीं रहा। राज्य में कहीं भी जनजीवन प्रभावित नहीं हुआ। स्कूल, कॉलेज और सार्वजनिक परिवहन सामान्य तरीके से काम करते रहे। ज्यादातर किसानों और कन्नड़ समर्थक संस्थानों ने इस बंद का समर्थन नहीं किया। उन्होंने इसके राजनीतिक मकसद की आलोचना की।