'ये बिहार-महाराष्ट्र नहीं, ईवीएम में हेरफेर नहीं होने देंगे', चुनाव आयोग पर जमकर बरसीं ममता बनर्जी
ममता बनर्जी ने चेतावनी देते हुए कहा कि, यह बिहार और महाराष्ट्र नहीं हैं, अगर कोई ईवीएम मशीन चुराने की ...और पढ़ें

चुनाव आयोग पर जमकर बरसीं ममता बनर्जी (फोटो- एएनआई)
HighLights
ममता का आरोप केंद्रीय सुरक्षा बलों ने उन्हें अंदर जाने से पहले रोका
ममता बनर्जी ने कहा कि उनकी पार्टी के एजेंट को गिरफ्तार कर लिया गया है
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव की मतगणना से ठीक पहले मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने गुरुवार रात कोलकाता के भाबानीपुर स्थित स्ट्रांग रूम का अचानक दौरा किया और इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीनों में कथित छेड़छाड़ को लेकर गंभीर चिंता जताई।
ममता बनर्जी ने चुनाव आयोग पर साधा निशाना
भाबानीपुर सीट से खुद चुनाव लड़ रही तृणमूल कांग्रेस प्रमुख ममता बनर्जी ने दावा किया कि राज्य के कई हिस्सों से उनकी पार्टी को ईवीएम में हेरफेर की रिपोर्ट्स मिली हैं।
उन्होंने कहा कि यहां ईवीएम लगाने की काफी गुंजाइश है। हमने पाया कि कई जगहों पर हेरफेर हो रहा है। जब मैंने टीवी पर सीसीटीवी फुटेज देखा, तो मुझे लगा कि मुझे खुद जाकर देखना चाहिए।
ममता बनर्जी ने आरोप लगाया कि उनके स्ट्रांग रूम पहुंचने पर केंद्रीय सुरक्षा बलों ने उन्हें अंदर जाने से पहले रोका। उन्होंने कहा कि शुरू में केंद्रीय बलों ने मुझे अंदर नहीं जाने दिया, लेकिन चुनाव नियमों के अनुसार किसी भी पार्टी के उम्मीदवार और चुनाव प्रतिनिधि को सीलबंद कमरे (स्ट्रांग रूम) तक जाने की अनुमति होती है।
चुनाव आयोग पर सवाल
भारत निर्वाचन आयोग पर खुलकर पक्षपात का आरोप लगाते हुए ममता बनर्जी ने कहा कि उनकी पार्टी के एजेंट को गिरफ्तार कर लिया गया है और बहुत ज्यादा एकतरफापन दिखाया जा रहा है।
उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि, यह बिहार और महाराष्ट्र नहीं हैं, अगर कोई ईवीएम मशीन चुराने की कोशिश करता है या मतगणना में धांधली करने की कोशिश करता है, तो हम जीवन और मृत्यु के बीच संघर्ष करेंगे। हम जान की बाजी लगाकर इसका मुकाबला करेंगे।
इतने गंभीर आरोप लगाने के बावजूद ममता बनर्जी ने राज्य के नागरिकों से शांति बनाए रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि इस संवेदनशील समय में शांति बनाए रखना बहुत जरूरी है।
