नेहरू संग्रहालय में गूंजेंगी देश के अब तक के सभी प्रधानमंत्रियों की आवाजें
संस्कृति मंत्रालय और संग्रहालय प्रबंधन ने देश के अब तक के सभी प्रधानमंत्रियों की यादों को सहेजने के लिए उनके परिवारों से भी संपर्क साधा है।
अरविंद पांडेय, नई दिल्ली। नेहरू स्मारक संग्रहालय में पंडित जवाहर लाल नेहरू के साथ साथ देश के अब तक के सभी प्रधानमंत्रियों के भाषण भी सुनने को मिलेंगे। इन्हें सहेजने का काम शुरु हो गया है।
संस्कृति मंत्रालय ने आठ करोड़ रुपए में प्रसार भारती से खरीदा सभी के भाषणों की रिकार्डिग
संस्कृति मंत्रालय ने इसके तहत प्रसार भारती से अब तक के सभी प्रधानमंत्रियों के भाषणों को आठ करोड़ रुपए में खरीदा है। इनमें बतौर प्रधानमंत्री देश में या फिर विदेशी दौरे के समय में दिए गए उनके सभी भाषणों का संकलन होगा। फिलहाल यह सभी भाषण आकाशवाणी और दूरदर्शन के पास मौजूद थे।
प्रत्येक प्रधानमंत्री की गैलरी में उनके विदेशी दौरे और करार की भी मिलेगी जानकारियां
संस्कृति मंत्रालय ने इसके साथ ही नेहरू संग्रहालय में सभी प्रधानमंत्रियों के लिए प्रस्तावित गैलरी में उनसे जुड़ी यादों के साथ बतौर प्रधानमंत्री की गई सभी विदेशी यात्राओं और उनके किए गए करारों से जुड़ी जानकारियां देखने को मिलेगी।
नेहरू संग्रहालय में देश के सभी प्रधानमंत्रियों से जुड़ी गैलरी बनाने का फैसला
सरकार ने यह पहल तब की है, जब देश के राजनीतिक फलक पर अहम भूमिका निभाने के बाद भी कई प्रधानमंत्रियों की यादों को नहीं सजेगा गया है। ऐसे में सरकार ने देश के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित नेहरू की याद में बने नेहरू संग्रहालय के एक बड़े हिस्से में देश के अब तक से सभी प्रधानमंत्रियों से जुड़ी गैलरी बनाने का फैसला लिया है। जिस पर तेजी से काम चल रहा है।
प्रधानमंत्रियों के भाषणों को संग्रहालय में संरक्षित करने से नई पीढी को मिलेगी मदद
मंत्रालय के मुताबिक यह काम सिंतबर 2020 तक पूरा हो जाएगा। अधिकारियों के मुताबिक इन भाषणों को संग्रहालय में संरक्षित करने से देश की आने वाली नई पीढी भी अपने पूर्व प्रधानमंत्रियों को भी समझ सकेंगी। साथ ही राजनीतिक विषयों पर शोध करने वालों को भी इससे मदद मिलेगा। इसकी मदद से पूर्व प्रधानमंत्रियों की सक्रियता को भी परखा जा सकेगा।
इन सभी प्रधानमंत्रियों के भाषण सुनने को मिलेंगे
संग्रहालय में जिन प्रधानमंत्रियों के भाषणों की रिकार्डिग सुनने को मिलेगी, उनमें पहले प्रधानमंत्री पंडित जवाहर लाल नेहरू के अलावा गुलजारी लाल नंदा (कार्यकारी प्रधानमंत्री), लाल बहादुर शास्त्री, इंदिरा गांधी, मोरारजी देसाई, चरण सिंह, राजीव गांधी, वीपी सिंह, चंद्रशेखर, पीवी नरसिंह राव, अटल विहारी बाजपेयी, एचडी देवगौडा, इंद्रकुमार गुजराल, मनमोहन सिंह, नरेंद्र मोदी ( मौजूदा प्रधानमंत्री)। खासबात यह है कि इनमें कार्यकारी प्रधानमंत्री को गुलजारी नंदा को भी प्रमुखता से शामिल किया गया है।
सभी पूर्व प्रधानमंत्रियों के परिवारों से साधा संपर्क
इस बीच मंत्रालय और संग्रहालय प्रबंधन ने देश के अब तक के सभी प्रधानमंत्रियों की यादों को सहेजने के लिए उनके परिवारों से भी संपर्क साधा है। सूत्रों के मुताबिक इनमें से पूर्व प्रधानमंत्री एचडी देवगौड़ा सहित कई पूर्व प्रधानमंत्री के परिवारों ने काफी रूचि दिखाई है। उनकी ओर से संग्रहालय को उनकी यादों को देने का आश्वासन दिया है।