विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Feb 22, 2023 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

'यूपी में का बा' फेम सिंगर नेहा सिंह को UP पुलिस का नोटिस, तीन दिन में देना है इन 7 सवालों का जवाब

By Jagran NewsEdited By: Manish Negi
Published: Wed, 22 Feb 2023 09:33 AM (IST)

लोकगायिका नेहा सिंह राठौर को यूपी पुलिस ने नोटिस भेजा है। पुलिस ने उनसे सात सवाल पूछे हैं जिसका तीन ...और पढ़ें

सिंगर नेहा सिंह राठौर को UP पुलिस का नोटिस
सिंगर नेहा सिंह राठौर को UP पुलिस का नोटिस

नई दिल्ली, ऑनलाइन डेस्क। 'यूपी में का बा' फेम लोकगायिका नेहा सिंह राठौर मुश्किल में हैं। यूपी पुलिस ने नेहा सिंह राठौर को नोटिस भेजकर उनसे जवाब मांगा है। इसके लिए उन्हें तीन दिन का समय दिया गया है। नेहा सिंह पर अपने वीडियो के जरिए जनता के बीच नफरत भड़काने का आरोप है। उन्होंने हाल ही में कानपुर देहात की घटना पर 'यूपी में का बा' सीजन-2 गाया था।

कानपुर पुलिस ने थमाया नोटिस

बीती रात कानपुर पुलिस नेहा सिंह राठौर के कानपुर (ग्रामीण) में स्थित घर पहुंची और नोटिस दिया। कानपुर पुलिस ने नेहा सिंह को दंड प्रक्रिया संहिता (सीआरपीसी) की धारा 160 के तहत नोटिस दिया है। पुलिस जब नेहा सिंह को नोटिस देने उनके घर पहुंची तो उन्होंने इसका वीडियो रिकॉर्ड कर लिया। नेहा सिंह ने अपने ट्विटर अकाउंट से इस वीडियो को ट्वीट किया है।

अखिलेश यादव का योगी सरकार पर हमला

वहीं, नेहा सिंह को पुलिस का नोटिस मिलने के मुद्दे पर राजनीति शुरू हो गई है। समाजवादी पार्टी (सपा) ने पुलिस कार्रवाई की आलोचना की है। सपा प्रमुख और पूर्व सीएम अखिलेश यादव ने 'यूपी में का बा' स्टाइल से योगी सरकार पर निशाना साधा है।

उधर, सपा ने ट्वीट कर कहा कि कुछ दिन पहले ब्राह्मण मां-बेटी को बुलडोजर से कुचलवाने और जिंदा जला देने वाली भाजपा शासित सरकार ने कल विधानसभा में पत्रकारों को पिटवाया और सपा विधायकों के साथ मार्शलों के माध्यम से हाथापाई ,अभद्रता करवाई। आज लोकगायिका के घर पुलिस भेजना और नोटिस दिलवाना इस सरकार का असली कुरूप चेहरा है।

पुलिस ने मांगे इन 7 सवालों के जवाब

  1. वीडियो में नेहा सिंह राठौर हैं या नहीं?
  2. अगर हां तो क्या वीडियो उनके द्वारा ही अपलोड किए गए थे?
  3. जिस यूट्यूब चैनल और ट्विटर अकाउंट से वीडियो शेयर किया गया वह उनका है या नहीं?
  4. क्या वीडियो के बोल को खुद नेहा सिंह राठौर ने लिखा है?
  5. अगर हां तो वह उनका समर्थन करती हैं?
  6. अगर उन्होंने गीत नहीं लिखे हैं, तो क्या गीतकार ने आपकी अनुमति ली है?
  7. क्या वह समाज पर वीडियो के प्रतिकूल प्रभाव से अवगत है?

तीन दिन में मांगा जवाब

यूपी पुलिस ने नेहा सिंह से तीन दिनों के अंदर नोटिस का जवाब मांगा है। अगर वह जवाब नहीं देती हैं तो उनके खिलाफ आईपीसी और सीआरपीसी की धाराओं के तहत कानूनी मामला दर्ज किया जा सकता है।