विधानसभा चुनाव: चार राज्यों के चुनाव प्रभारियों के साथ गृह मंत्री अमित शाह ने की बैठक
चार राज्यों में होने वाले विधानसभा के चुनाव को देखते हुए इन राज्यों के चुनाव प्रभारियों के साथ गृहमंत्री अमित शाह व जेपी नड्डा ने बैठक की।
नई दिल्ली, एएनआइ। आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए मंगलवार को गृहमंत्री व भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह, जेपी नड्डा व बीएल संतोष ने चार राज्यों के चुनाव प्रभारियों के साथ बैठक की। इन चारों ही राज्यों में अगले कुछ महीनों के अंदर विधानसभा चुनाव होने हैं।
बता दें कि कुछ दिनों पहले ही केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने झारखंड, हरियाणा, महाराष्ट्र और दिल्ली के विधानसभा चुनावों को ध्यान में रखते हुए अपने चुनाव प्रभारियों की नियुक्ति की। दिल्ली, महाराष्ट्र, झारखंड और हरियाणा में विधानसभा चुनाव इस साल के अंत तक हो सकते हैं।
गृह मंत्री ने आगामी दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए केंद्रीय मंत्री प्रकाश जावड़ेकर को चुनाव प्रभारी, महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव के लिए भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव भूपेंद्र यादव, हरियाणा विधानसभा चुनाव के लिए केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर, झारखंड विधानसभा चुनाव के लिए भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव ओमप्रकाश माथुर को चुनाव प्रभारी नियुक्त किया है।