केंद्रीय कर्मचारियों के लिए खुशखबरी, सरकार ने बढ़ाया 2 फीसद महंगाई भत्ता
कैबिनेट की बैठक में केंद्रीय कर्मचारियों का महंगाई भत्ता (डीए) 2 फीसद बढ़ाने का फैसला किया गया।
नई दिल्ली, जेएनएन। मोदी सरकार ने देश के करोड़ों केंद्रीय कर्मचारियों और पेंशनभोगियों को सौगात दी है। बुधवार को हुई कैबिनेट की बैठक में केंद्रीय कर्मचारियों का महंगाई भत्ता (डीए) 2 फीसद बढ़ाने का फैसला किया गया। अब केंद्रीय कर्मचारियों को 9 फीसद डीए मिलेगा। बढ़ा हुआ डीए 1 जुलाई 2018 से लागू होगा।
बतादें कि डीए की गणना कर्मचारी की बेसिक सैलरी के आधार पर होती है। इस साल मार्च में सातवें वेतन आयोग की सिफारिशों के आधार पर केंद्रीय मंत्रिमंडल ने इसे 5 फीसद से बढ़ाकर 7 फीसद किया था। यह बढ़ोतरी जनवरी 2018 से लागू मानी गई थी। महंगाई भत्ते में इजाफे से केंद्र सरकार के करीब 1.1 करोड़ कर्मचारियों और पेंशनभोगियों को फायदा होगा।
क्या है महंगाई भत्ता?
केंद्र सरकार अपने कर्मचारियों को उनका जीवन स्तर सुधारने के लिए महंगाई भत्ता देती है। कर्मचारियों को महंगाई भत्ता उनके बेसिक वेतन के आधार पर दिया जाता है। भारत के अलावा पाकिस्तान और बांग्लादेश में कर्मचारियों को महंगाई भत्ता दिया जाता है। यह भत्ता पेंशन पाने वाले लोगों को भी प्राप्त होता है।