उमा भारती नहीं लड़ेगी चुनाव, पार्टी ने सौंपी उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी
उमा भारती अब पार्टी संगठन का कार्य देखेंगी। भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने उन्हें पार्टी का राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बनाया है।
जागरण ब्यूरो, नई दिल्ली। भाजपा ने लोकसभा 2019 के चुनाव को लेकर प्रत्याशियों की छठी सूची का ऐलान कर दिया है। शनिवार को जारी की गई इस सूची में छह राज्यों के 46 प्रत्याशियों के नामों का ऐलान किया गया है। इनमें केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर की सीट बदल दी है। अब वह ग्वालियर की जगह मुरैना से चुनाव लड़ेंगे।
इसके अलावा पार्टी ने झारखंड के वरिष्ठ नेता और पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा को खूंटी से मैदान में उतारा है। वहीं केंद्रीय मंत्री उमा भारती के चुनाव न लड़ने के फैसले पर भी मुहर लगाई है। पार्टी ने अब उन्हें संगठन में राष्ट्रीय उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी है। इसके साथ ही लोकसभा 2019 के चुनाव को लेकर भाजपा ने अब तक 286 प्रत्याशियों के नामों को ऐलान कर दिया।
केंद्रीय मंत्री और भाजपा के केंद्रीय चुनाव समिति के सचिव जेपी नड्डा ने शनिवार को प्रत्याशियों की पांचवीं सूची का ऐलान किया है। इसके तहत जिन राज्यों के प्रत्याशियों का ऐलान किया गया है, उनमें झारखंड, गुजरात, हिमाचल प्रदेश, गोवा, मध्य प्रदेश और कनार्टक शामिल है। इस दौरान कई मौजूदा सांसदों के टिकट काटे भी गए है। इनमें मुरैना से सांसद और पूर्व प्रधानमंत्री अटल जी के भांजे अनूप मिश्रा का नाम भी शामिल है।
उनकी सीट से नरेंद्र सिंह तोमर को उतारा गया है। इस सूची में झारखंड से 10, गुजरात से 15, मध्य प्रदेश से 15, गोवा के दो, हिमांचल के चार और कर्नाटक के दो प्रत्याशियों के नाम शामिल है। पार्टी के इनके साथ गोवा और गुजरात की तीन-तीन विधानसभा सीटों पर हो रहे उपचुनाव के लिए भी प्रत्याशियों का ऐलान किया है।
इससे पहले उमा भारती ने कहा था कि उनकी मई से 18 माह तक तीर्थयात्रा पर जाने की योजना है। उमा ने कहा कि उन्होंने 2016 में ही तय कर लिया था कि वह इस बार आम चुनाव चुनाव नहीं लड़ेंगी।
केंद्रीय मंत्री उमा भारती ने बताया कि मैंने 2016 में कहा था कि मैं चुनाव नहीं लड़ूंगी क्योंकि मुझे गंगा के तटों पर बसे तीर्थस्थानों पर जाना है। अगर मैं चुनाव लड़ती तो मैं झांसी से ही लड़ती। मैं अपना निर्वाचन क्षेत्र कभी नहीं बदल सकती। वहां के लोगों को मुझ पर गर्व है और वह मुझे अपनी बेटी जैसा मानते हैं।