केंद्रीय कैबिनेट की बैठक में लिए गए कई अहम फैसले, राष्ट्रीय महत्व के संस्था की स्थिति का किया अनुमोदन
आज केंद्रीय कैबिनेट की बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में कई अहम फैसलों पर मुहर लगी।
नई दिल्ली, एएनआइ। आज केंद्रीय कैबिनेट की बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में केंद्रीय मंत्रिमंडल ने जामनागा में गुजरात आयुर्वेद विश्वविद्यालय परिसर में आयुर्वेदिक संस्थानों के क्लस्टर के लिए राष्ट्रीय महत्व के संस्थान (INI) की स्थिति का अनुमोदन किया।
केंद्रीय मंत्रिमंडल ने खनिज और धातु व्यापार निगम लिमिटेड, राष्ट्रीय खनिज विकास कॉर्प, मेकॉन और भारत हेवी इलेक्ट्रिकल्स लिमिटेड की, नीलाचल निगम लिमिटेड में, इक्विटी शेयरहोल्डिंग के सैद्धांतिक रणनीतिक विनिवेश को मंजूरी दे दी।
कैबिनेट बैठक में मंत्रिमंडल ने भारत और फ्रांस के बीच प्रवास और गतिशीलता साझेदारी समझौते को मंजूरी दी। इस समझौते पर मार्च 2018 में दोनों देशों ने हस्ताक्षर किए थे।यह समझौता 7 साल के लिए वैध होगा, इसमें ऑटो नवीनीकपण के प्रावधान शामिल हैं।
केंद्रीय कैबिनेट ने जामनगर स्थित गुजरात आयुर्वेद शैक्षणिक एवं शोध संस्थान परिसर को राष्ट्रीय महत्व के संस्थान (आइएनआइ) का दर्जा देने के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी। आयुर्वेद संस्थान के क्लस्टर में आयुर्वेद में स्नातकोत्तर शिक्षण एवं शोध संस्थान, श्री गुलाबकुंवरवा आयुर्वेद महाविद्यालय, फार्मेसी यूनिट समेत इंस्टीट्यूट आफ आयुर्वेद फर्मास्यूटिकल्स साइंस, महर्षि पतंजलि योग संस्थान और प्राकृतिक शिक्षा एवं अनुसंधान आदि भी शामिल हैं।
एक सरकारी विज्ञप्ति में बताया गया है कि इस संबंध में संसद में एक विधेयक लाया जाएगा। इसके माध्यम से जामनगर में आयुर्वेद में शिक्षण और अनुसंधान को राष्ट्रीय महत्व का संस्थान घोषित किया जा सकेगा।बयान में कहा गया है कि आयुर्वेद को मजबूत बनाने से स्वास्थ्य पर सरकार को होने वाला खर्च कम हो जाएगा। इसका कारण यह है कि सटीक होने के कारण आयुर्वेद पर आने वाला खर्च कम है।